सिरसा, 21 अप्रैल।
जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की भजन मंडलियां गांव-गांव जाकर आमजन को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक कर रही हैं। इसी क्रम में लीडर भजन पार्टी के लाला राम, जुगती राम, रविंद्र कुमार और रामपाल ने गांव आनंदगढ़, पतली डाबर व रोहिड़ांवाली में कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
भजन मंडली के कलाकारों ने बताया कि जनगणना 2027 के तहत स्व-गणना प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिसके माध्यम से नागरिक अपने मोबाइल या लैपटॉप से घर बैठे ही अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। यह प्रक्रिया 30 अप्रैल तक जारी रहेगी। विवरण भरने के बाद एक यूनिक आईडी जनरेट होगी, जिसे प्रगणक के घर आने पर बताने से संबंधित डेटा तुरंत उपलब्ध हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया न केवल सरल है, बल्कि इससे पारदर्शिता भी सुनिश्चित होती है और नागरिक स्वयं सही जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
इसके अलावा कलाकारों ने ग्रामीणों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल, अंत्योदय परिवार उत्थान योजना हरियाणा, आपकी बेटी-हमारी बेटी योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना, कृषि यंत्र अनुदान योजना, सक्षम हरियाणा योजना, लाडली योजना, दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना तथा प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना सहित कई योजनाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और पौधारोपण के महत्व पर भी जोर दिया गया। कलाकारों ने ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।











