बहादुरगढ़, 27 मई। हरियाणा सरकार के कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के अंतर्गत संचालित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), बहादुरगढ़ में शैक्षणिक सत्र 2026-27 हेतु विभिन्न तकनीकी एवं गैर-तकनीकी ट्रेडों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी गई है। संस्थान की प्रधानाचार्या गीता आर. सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान समय में तकनीकी शिक्षा एवं कौशल प्रशिक्षण की मांग निरंतर बढ़ रही है। कौशल आधारित शिक्षा आत्मनिर्भर भारत अभियान को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुकी है।
नोडल अधिकारी उमा रानी ने बताया कि सत्र 2026-27 के लिए संस्थान में इलेक्ट्रिशियन, फिटर, कारपेंटर, COPA, स्टेनोग्राफर हिन्दी, स्टेनोग्राफर अंग्रेजी, वेल्डर, टर्नर, प्लम्बर, ड्राफ्ट्समैन सहित कुल 18 ट्रेडों (NCVT/SCVT) में प्रवेश उपलब्ध रहेगा। विभिन्न ट्रेडों की अवधि एक वर्ष एवं दो वर्ष निर्धारित की गई है। प्रवेश प्रक्रिया पूर्णतः मेरिट आधारित होगी।
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 02 जून से प्रारम्भ होकर 15 जून तक चलेगी। इच्छुक अभ्यर्थी विभागीय पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के समय अभ्यर्थियों को आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र (PPP), शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), बैंक खाता विवरण, पासपोर्ट साइज फोटो एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे।अधिक जानकारी एवं ऑनलाइन आवेदन हेतु विभागीय वेबसाइट admissions.itiharyana.gov.in पर विजिट किया जा सकता है।
उन्होंने युवाओं से अधिकाधिक संख्या में आवेदन करने का आह्वान किया ताकि वे कौशल आधारित प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर हासिल कर सकें।











