केंद्रीय राज्य मंत्री गुरुवार को रेस्ट हाउस रेवाड़ी में जिला रेवाड़ी में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक ले रहे थे। बैठक में हरियाणा सरकार में सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल, कोसली से विधायक लक्ष्मण यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष मा. हुकमचन्द व नगर परिषद चेयरपर्सन पूनम यादव मौजूद रही। डीसी यशेन्द्र सिंह ने केंद्रीय राज्य मंत्री को जिला में विकासात्मक गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी और चल रहे विकास कार्यों को पॉवर प्रेजेंटेशन के माध्यम से अवगत कराया गया।
तालमेल के साथ विकास कार्य पूर्ण कराने में भागीदार बनें अधिकारी : केंद्रीय मंत्री
केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि अधिकतर विकास कार्यों में लोक निर्माण विभाग की अहम भूमिका है, ऐसे में संबंधित विभाग अपने विकास कार्यों को प्रभावी रूप से पूरा करवाने में तालमेल बनाएं और कार्य पूर्ण समय पर सुनिश्चित करें। बैठक में मुख्यमंत्री द्वारा जिला के विकास के लिए की गई घोषणाओं की भी प्रगति रिपोर्ट लेते हुए सकारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में विभागीय स्तर पर बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों को प्रोत्साहित किया और जिन विभागों के कार्य की गति धीमी थी उन्हें गंभीरता से अपने दायित्व का निवर्हन करने के लिए कहा ताकि लंबित कार्य जल्द पूरे हो सकें।

बैठक में माजरा में प्रस्तावित एम्स को लेकर निर्माण प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए राव इंद्रजीत सिंह ने संबंधित अधिकारियों ने र्दिेश दिए कि तत्परता से रजिस्ट्री प्रक्रिया को शुरू करते हुए आगामी कार्यवाही अमल में लाई जाए। वहीं रेवाड़ी शहर में नए बस स्टेंड निर्माण को लेकर अधिकारियों ने बताया कि सैक्टर 12 में बनने वाले नए बस स्टेंड क्षेत्र में हाइटेंशन तारों को हटाने का कार्य बिजली निगम की ओर से अमल में लाया जा रहा है। समीक्षात्मक बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, हैफेड, बिजली, रोडवेज, जनस्वास्थ्य, सिंचाई सहित अन्य विभागों से सम्बंधित चल रहे विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा करते हुए राव इंद्रजीत सिंह ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।





