हिसार, 15 जुलाई।
केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने प्रमुख समाजसेवी नंदकिशोर गोयनका को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि उनका पूरा जीवन समाजसेवा, गौ सेवा और राष्ट्र निर्माण को समर्पित था। बुधवार को उनकी अंतिम यात्रा में शामिल हुए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने उनके पुत्र एवं पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. सुभाष चंद्रा, लक्ष्मीनारायण, जवाहर लाल, अशोक और अन्य सभी शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया। स्वर्गीय नंदकिशोर गोयनका के पार्थिव शरीर को हिसार स्थित उनके पैतृक निवास कृष्णा मंडी से अग्रोहा ले जाया गया, जहां पर गोयनका उद्यान में पूरे श्रद्धा एवं सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनका सोमवार को मुंबई में 96 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। अंतिम संस्कार में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के अलावा हरियाणा के कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, राज्यसभा सांसद सुभाष बराला, महापौर प्रवीण पोपली सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, उद्योग जगत से जुड़े लोगों तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
स्वर्गीय नंदकिशोर गोयनका के साथ अपने पुराने संस्मरण साझा करते हुए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि उनके साथ उनके आत्मीय और पारिवारिक संबंध रहे। उन्होंने बताया कि वर्ष 1992 में जब वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में हिसार विभाग के विभाग प्रचारक के रूप में कार्यरत थे, तब अग्रोहा में आयोजित एक शिविर के दौरान उन्हें लगभग दो माह तक स्वर्गीय नंदकिशोर गोयनका के साथ कार्य करने का अवसर मिला।
उन्होंने कहा कि आज से लगभग 34 वर्ष पहले अग्रोहा धाम का स्वरूप वर्तमान की तरह विकसित नहीं था। उस समय परिसर के सामने एक बड़ा मैदान हुआ करता था, जिसे सभी ने मिलकर अथक परिश्रम से व्यवस्थित और विकसित किया। उस दौरान स्वर्गीय नंदकिशोर गोयनका के सेवा भाव, अनुशासन, कर्मठता और समाज के प्रति समर्पण ने उन्हें गहराई से प्रभावित किया। उनके प्रेरक विचार और व्यक्तित्व सदैव स्मरणीय रहेंगे तथा आने वाली पीढ़ियों को समाजसेवा के लिए प्रेरित करते रहेंगे।
स्वर्गीय नंदकिशोर गोयनका को समाजसेवा, गौ सेवा, धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सदैव सम्मान पूर्वक याद किया जाएगा।
समाजसेवा और राष्ट्र निर्माण को समर्पित था स्वर्गीय नंदकिशोर गोयनका का जीवन : केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल





