जांचकर्ता ने बताया कि रेवाड़ी-जैसलमेर आउटर बाइपास का निर्माण कर रही एचजी इंफ्रा की तरफ से बिठवाना चौक से रिलायंस प्लांट तक डाली हुई पेयजल लाइन की शिफ्टिंग का काम जयपुर की एक कंट्रस्क्शन कंपनी को दिया हुआ है। पुलिस को कंस्ट्रक्शन कंपनी के इंचार्ज जयपुर निवासी पंकज शर्मा ने मंगलवार को दी अपनी शिकायत में बताया कि रेवाडी में आउटर बाइपास का काम कर रही कंपनी की तरफ से उनकी कंपनी को पेयजल लाइन शिफ्टिंग का काम दिया हुआ है।
कंपनी की तरफ से बिठवाना चौराहा से फ्लाईओवर से रिलायंस प्लांट तक 16 ईंची के पाइप रखे हुए थे। चोर यहां से 40 पाइप चोरी कर ले गए थे। मंगलवार सुबह जब कर्मचारी यहां पर पाइप लाइन डालने के लिए पहुंचे तो उन्हें पाइप गायब मिले। पुलिस ने मामला दर्ज करके तुरंत जांच शुरू करते हुए पता लगाया कि जिस कैंटर वाहन में पाइप रखकर ले जाए गए हैं उसका चालक कोसली निवासी संदीप है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बताया कि वह धारूहेड़ा की ट्रांसपोर्ट कंपनी में बतौर चालक नौकरी करता है।
आरोपी ने बताया कि उसके ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक का फोन आया था जिसमें उसने कहा था कि चोरी के पाइप भिवानी पहुंचाने हैं। इसके बाद वह कैंटर में पाइप ले गया और भिवानी की बैंक कॉलोनी में पहुंचा दिए। जांचकर्ता ने बताया कि मुख्य आरोपी की पहचान कर ली गई है और आरोपी संदीप को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।





