सिरसा, 14 जुलाई।
उपायुक्त शांतनु शर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को स्थानीय लघु सचिवालय के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में नार्को कोआर्डिनेशन समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिला में नशे की रोकथाम, नशा मुक्ति केंद्रों की निगरानी तथा नशीली दवाओं के दुरुपयोग को रोकने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक सिरसा दीपक सहारन, पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर सहित शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग, खेल विभाग, बाल संरक्षण एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि जिले में संचालित नशा मुक्ति केंद्रों का समय-समय पर निरीक्षण किया जाए और वहां उपलब्ध सुविधाओं तथा व्यवस्थाओं की जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि नए मेडिकल हॉल खोलने से पहले पुलिस विभाग से एनओसी ली जाए। इसके साथ ही सभी मेडिकल स्टोर्स का नियमित निरीक्षण किया जाए, ताकि प्रतिबंधित दवाओं एवं नशीली वस्तुओं की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
उपायुक्त ने नशे के खिलाफ जनजागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए अधिक से अधिक वॉल पेंटिंग करवाने के निर्देश दिए। अधिक आवाजाही वाले स्थानों पर पहले चरण में वॉल पेंटिंग का कार्य करवाया जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंच सके। बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि जिले में 10 स्थानों पर वॉल पेंटिंग करवाई जा चुकी हैं तथा अन्य स्थानों पर भी यह कार्य जारी है।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष फुटेला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. पवन कुमार, उप सिविल सर्जन डॉ. पंकज शर्मा, जिला आयुष अधिकारी डॉ. आशु शर्मा, डीसीओ केशव वशिष्ठ व सुनील कुमार, डीएसडब्ल्यूओ सत्यवान ढिलोड, डीएचईओ सज्जन कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
नशा मुक्ति केंद्रों व मेडिकल स्टोर्स की नियमित जांच के निर्देश





