रेवाड़ी: भाजपा की तरफ से शहीदों के सम्मान में प्रारंभ की गई तिरंगा यात्रा के तहत सोमवार को बावल विधानसभा क्षेत्र में तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा बावल से प्रारंभ होकर शहीद हरीसिंह के गांव राजगढ़ में पहुंची। सहकारिता मंत्री डॉ.बनवारीलाल की अगुवाई में निकाली तिरंगा यात्रा में 1000 से अधिक ट्रैक्टर शामिल हुए और बड़ी संख्या में युवाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर शहीदों को अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए।
बावल के शहीद भगत सिंह पार्क में शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के उपरांत शहीद सम्मान तिरंगा यात्रा प्रारंभ की गई। यात्रा के दौरान तिरंगा लहराते हुए और केसरिया रंग की पगड़ियाँ पहनकर वन्दे मातरम्, भारत माता और शहीदों के जयकारे लगाए गए।
इस दौरान रास्ते में आने वाली तमाम शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करने के साथ शहीदों के परिजनों को सहकारिता मंत्री ने सम्मानित भी किया। इस दौरान डॉ.बनवारी लाल का भी जगह-जगह पर भव्य स्वागत हुआ। राजगढ़ पहुंचने के बाद शहीद हरीसिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद उनके परिवार को सम्मानित किया गया।
डॉ बनवारी लाल ने उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि आजादी से पहले देश में कारखानों की कमी के कारण सुई का भी निर्माण नहीं होता था, वहीं आज आजादी के बाद देश में बड़े-बड़े उद्योग व कारखाने लगे है, जिनमें तोप व एयरक्राफ्ट भी बनाए जा रहे है।
उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष में हम अपने देश के साथ-साथ दूसरे देशों के सैटेलाईट भी भेजने लग रहे है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशा है कि जब आजादी के 75 वर्ष पूर्व हो तो प्रत्येक नागरिक के सर पर छत हो, हर घर में नल से जल की सुविधा हो, हर व्यक्ति के लिए रोजगार की व्यवस्था हो इन सभी कार्यो के लिए सभी मंत्री, सांसद, विधायक सहित भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता प्रयत्नशील है।
उन्होंने कहा कि हमारा देश नई शताब्दी के अंदर एक बार फिर से प्रगति के पथ पर अग्रसर होते हुए ऊंचे मुकाम पर पहुंचे यह लक्ष्य देश के प्रत्येक नागरिक का होना चाहिए तभी हमारा देश फिर से सोने की चिड़िया बन सकता है।







