मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए बावल डीएसपी राजेश कुमार ने कहा कि आपराधिक वारदातों पर अंकुश और समाज सुधार से संबंधित कार्यों के लिए पुलिस के लिए आमजन का सहयोग बेहद जरूरी है। आमजन से आने वाले सुझावों पर प्रभावी ढंग से अमल किया जाएगा और उसी के अनुरूप कदम उठाए जाएंगे। इससे पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ेगा और आपराधिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
जिलास्तरीय कमेटी के सदस्य एडवोकेट रामनाथ महलावत एवं सुनील भार्गव ने कमेटी के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशाखोरी से बचाने के लिए आमजन अपने कर्तव्य को निभाएं। साथ ही छोटे-मोटे झगड़ों को गांव स्तर पर ही निपटाया जाए। डीएसपी ने कहा कि पुलिस प्रशासन का उद्देश्य स्पष्ट है कि आमजन की भागीदारी कार्यक्रमों को बढ़ाया जाए। इस अवसर पर थाना स्तरीय मीटिंग माह के अंतिम रविवार को आयोजित किए जाने का सुझाव दिया गया। इस अवसर पर बावल थाना प्रभारी शाहिद अहमद एवं कसौला थाना प्रभारी विद्यासागर भी मौजूद रहे।





