सूत्रों के मुताबिक बता दें कि रेवाड़ी शहर से 24 किलो मीटर दूर गांव बुड़ौली में बिजली निगम का 220 केवीए का सब स्टेशन बना हुआ है। जिसके अधीन 33 केवी के 3 सब स्टेशन बास बिटौड़ी, अहरोद, खोल फिडर में बिजली की सप्लाई होती है। गुरुवार को बुड़ौली पावर हाउस के एक ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई। आग लगती देख पावर हाउस में अफरा-तफरी मच गई।
आग की सूचना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण भी पहुंच गए। ग्रामीणों की सहायता से बिजली कर्मचारियों ने वहां रखे आग बुझाने वाले सिलेंडरों की मदद लेकर करीब पौने घंटे बाद आग पर काबू पा लिया। हालांकि इस बीच फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई, लेकिन फायर बिग्रेड के पहुंचने से पहले ही आग बुझा दी गई थी।

बिजली निगम की तरफ से आग की चपेट में आई लाइनों को ठीक करने का काम किया जा रहा है। आग लगने का कारण बिजली लाइन में फॉल्ट बताया जा रहा है। हालांकि बिजली निगम का कहना है कि जांच के बाद ही आग के असली कारणों का पता चल पाएगा।





