हिसार, 14 जुलाई।
उपायुक्त महेंद्र पाल ने मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित बैठक में जिले में चिन्हित अपराध, अनुसूचित जाति से जुड़े मामलों तथा अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि चिन्हित अपराधों से जुड़े मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि अपराध पर अंकुश लगाया जा सके और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हो। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करें।
अनुसूचित जाति से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि ऐसे मामलों में संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ कार्य किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा पीडि़त पक्ष को सरकार द्वारा निर्धारित सभी सुविधाएं एवं कानूनी सहायता समय पर उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में जिले में अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त को अवगत करवाया गया कि गत माह 5 कालोनियों के विरूद्घ कार्यवाही की गई थी और इस माह में अभी तक 7 में से 3 ऐसी कालोनियों पर कार्यवाही की गई है। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अवैध कॉलोनियों के विकास पर प्रभावी निगरानी रखी जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए। उपायुक्त महेंद्र पाल ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप कानून व्यवस्था बनाए रखना, अनुसूचित जाति से जुड़े मामलों में समयबद्ध न्याय सुनिश्चित करना तथा अवैध कॉलोनियों पर प्रभावी कार्रवाई करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सभी अधिकारी इन कार्यों में पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करें, ताकि आमजन को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
जिला स्तरीय चिन्हित अपराध समिति की बैठक : गंभीर मामलों के शीघ्र निस्तारण पर जोर





