इस महोत्सव के दौरान जिला के सभी विभाग अपनी भागीदारी सुनिश्चित करते हुए विशेष कार्य योजना तैयार करें। यह निर्देश डीसी यशेंद्र सिंह ने दिए। वे सोमवार को आजादी अमृत महोत्सव के तहत आयोजित गतिविधियों के मद्देनजर हरियाणा के मुख्य सचिव संजीव कौशल की वीसी के उपरांत संबंधित अधिकारियों की बैठक में आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे। बैठक में वीसी के माध्यम से मुख्य सचिव कौशल, सीएम के प्रधान सचिव वी.उमाशंकर व सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के महानिदेशक ड.अमित कुमार अग्रवाल ने विस्तार से आजादी अमृत महोत्सव के आयोजन बारे आवश्यक जानकारी सांझा की।
डीसी यशेंद्र सिंह ने कहा कि रेवाड़ी वीर योद्धाओं की भूमि है और ऐसे वीर योद्धाओं को स्मरण करते हुए आगामी 15 अगस्त 2023 तक आजादी अमृत महोत्सव के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने वीसी मे दिए निर्देशों की अनुपालना में बताया कि रेवाड़ी जिला में विभागीय स्तर पर 75 कार्यक्रमों का लक्ष्य निर्धारित करते हुए कार्यक्रम की योजना को मूर्त रूप देंगे ताकि जिला की जनता को स्वतंत्रता संग्राम में जिला के योगदान बारे प्रभावी रूप से पता लग सके। उन्होंने कहा कि आजादी के इस अमृत महोत्सव में इंडिया 2047 के विजन के साथ ही हरियाणा 2047 विजन के अनुरूप विकास योजनाओं का भी प्रारूप तैयार करते हुए प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने जिला में स्थित विश्वविद्यालय व महाविद्यालयों में आजादी अम़त महोत्सव के तहत कार्यक्रमों का आयोजन कर वेबसाइट पर अपडेट करने के लिए प्रेरित किया।

अगस्त 2023 तक चलेगा आजादी अमृत महोत्सव :
डीसी यशेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश में आजादी अमृत महोत्सव आगामी अगस्त 2023 तक गरिमामयी ढंग से मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन होगा जिसमें वीर शहीदों के परिजनों को भी शामिल किया जाएगा। डीसी ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित कार्यक्रमों में तथा लेटर हेड पर आजादी के अमृत महोत्सव थीम को शामिल करें। उन्होंने कहा कि गौरवशाली इतिहास के साथ हरियाणा के विकास का प्रतिबिंब है आजादी अमृत महोत्सव।





