भिवानी, 24 जून। जिला नगर आयुक्त हरबीर सिंह ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपनी संपत्तियों की प्रॉपर्टी आईडी का स्वयं सत्यापन अवश्य करें। सरकार द्वारा शहरी क्षेत्र की सभी संपत्तियों का सर्वे करवाकर उन्हें एनडीसी पोर्टल पर ऑनलाइन किया गया है, ताकि नागरिक अपनी संपत्ति संबंधी जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकें।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक नागरिक अपनी प्रॉपर्टी आईडी की पहचान कर उसे स्वयं सत्यापित करते हुए लॉक करें, जिससे किसी अन्य व्यक्ति द्वारा उसमें छेड़छाड़ न की जा सके। प्रॉपर्टी आईडी सत्यापित होने पर संपत्ति से संबंधित सूचनाएं और सरकार द्वारा दी जाने वाली विभिन्न छूटों का लाभ भी समय-समय पर मोबाइल संदेशों के माध्यम से प्राप्त होता रहेगा।
हरबीर सिंह ने कहा कि यदि किसी प्रॉपर्टी आईडी में किसी प्रकार की त्रुटि है तो नागरिक एनडीसी पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर उसे ठीक करवा सकते हैं। सत्यापन में किसी भी प्रकार की समस्या आने पर नगर परिषद कार्यालय की गृहकर शाखा में किसी भी कार्य दिवस पर संपर्क कर समाधान प्राप्त किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि नगर परिषद भिवानी द्वारा एम/एस जीआईएस टेक एंटरप्राइजेज, गाजियाबाद एजेंसी के माध्यम से भी यह कार्य कराया जा रहा है। एजेंसी के अधिकृत कर्मचारी घर-घर और वार्ड स्तर पर जाकर नागरिकों की सहायता कर रहे हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से इन कर्मचारियों को सहयोग देने तथा अपनी प्रॉपर्टी आईडी का सत्यापन शीघ्र करवाने का आग्रह किया।
जिला नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि यदि कोई नागरिक अपनी प्रॉपर्टी आईडी की पहचान कर उसका स्वयं सत्यापन नहीं करता है और बाद में किसी शरारती तत्व द्वारा उसमें छेड़छाड़ या दुरुपयोग किया जाता है, तो इसके लिए नगर परिषद कार्यालय जिम्मेदार नहीं होगा। नागरिक स्वयं इसकी जिम्मेदारी वहन करेंगे।
प्रॉपर्टी आईडी का स्वयं सत्यापन करें नागरिक, नहीं तो हो सकती है परेशानी: हरबीर सिंह





