हिसार, 2 जुलाई।
हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही, प्रमाणिक एवं अद्यतन रूप से दर्ज करना है, ताकि लोकतंत्र की पारदर्शिता, विश्वसनीयता और निष्पक्षता को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है और प्रत्येक नागरिक की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है।
वीरवार को गांव गंगवा में आयोजित मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने स्वयं अपना गणना प्रपत्र भरकर इस महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सहभागिता की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने में अपना सहयोग प्रदान करे।
रणबीर गंगवा ने प्रदेशवासियों से विशेष अपील करते हुए कहा कि सभी पात्र मतदाता इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें, अपना गणना प्रपत्र समय पर भरें तथा आवश्यक दस्तावेजों सहित संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को उपलब्ध करवाएं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में सही जानकारी दर्ज होना प्रत्येक नागरिक के मतदान अधिकार की सुरक्षा के लिए आवश्यक है।
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में बढ़-चढक़र भाग लें नागरिक : रणबीर गंगवा





