चंडीगढ़/करनाल, 28 जुलाई। हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) की करनाल इकाई ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करनाल जिले के थाना कुंजपुरा में तैनात सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) अनुज को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस संबंध में आरोपी के विरुद्ध थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, करनाल में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत एफआईआर संख्या 17 दिनांक 28 जुलाई 2026 दर्ज की गई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
*क्या था मामला*
शिकायतकर्ता ने ब्यूरो को शिकायत दी थी कि थाना कुंजपुरा में जांच अधिकारी के रूप में तैनात एएसआई अनुज ने उसके चचेरे भाई प्रेमचंद, अत्तर सिंह, सुरेंद्र (पुत्र लोटी राम), अखिल (पुत्र सुरेंद्र) तथा अन्य के विरुद्ध दर्ज एक शिकायत में कार्रवाई को डिस्पोज ऑफ करने के बदले 20,000 रुपये रिश्वत की मांग की थी। आरोपी पहले ही शिकायतकर्ता से 10,000 रुपये ले चुका था तथा शेष 10,000 रुपये की मांग कर रहा था। शिकायत के सत्यापन के बाद हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, करनाल की टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए ट्रैप लगाया और आरोपी को शिकायतकर्ता से 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई।
*भ्रष्टाचार की सूचना ब्यूरो को दें*
हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना ब्यूरो के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 अथवा 094178-61064 पर दें। शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी




