‘नशा को समाप्त करने के लिए सजग समाज और सामूहिक प्रयास जरूरी’

By Sahab Ram
On: June 26, 2026 8:47 PM
Follow Us:

सिरसा, 26 जून।
अंतर्राष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस के अवसर पर शुक्रवार को नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जिला प्रशासन द्वारा पंचायत भवन के सभागार में जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शिविर में अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल व पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर केएल थियेटर ग्रुप ने नशा-एक अभिशाप नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों और इससे परिवार व समाज पर पडऩे वाले दुष्प्रभावों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। वहीं मुख्यअतिथि एसपी सिरसा दीपक सहारण व एडीसी अर्पित संगल ने उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलवाई। इसके अलावा जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की भजन मंडली ने प्रेरक गीतों के माध्यम से नशा छोडऩे और समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया। इसके अलावा नागरिक अस्पताल सिरसा से डॉ अवतार सिंह ने नशे से शरीर पर होने वाले दुष्प्रभाव, व्यवहारिक बदलाव, बचाव आदि के बारे में जागरूक किया। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्यवान ढिलोढ़, जिला मत्स्य अधिकारी जगदीश चंद्र, राम भगत सहित अन्य गणमान्य विशेष रूप से मौजूद रहे।
अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार, समाज और राष्ट्र को प्रभावित करता है। इसलिए हमें जागरूक रहना होगा, बच्चों का मार्गदर्शन करना होगा और  नशे के विरुद्ध एकजुट होकर आवाज उठानी होगी तथा नशा मुक्ति अभियान में सक्रिय भागीदारी निभानी होगी। जो व्यक्ति नशे से पीड़ित हैं, उन्हें अस्पतालों एवं नशा मुक्ति केंद्रों में उपचार उपलब्ध करवाकर नशे की दलदल से बाहर निकाला जाए। इस कार्य में परिवार के सदस्यों और समाज का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि दूसरा वर्ग उन युवाओं का है, जो भविष्य में नशे की गिरफ्त में आ सकते हैं। ऐसे युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाना, सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना तथा उन्हें खेल, शिक्षा और अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जोडऩा समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
वहीं पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने कहा कि नशे के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करने के लिए हम सभी को भीतर से जागरूक, संवेदनशील और जिम्मेदार बनना होगा। उन्होंने कहा कि जीवन में कोई भी लक्ष्य या सपना केवल सोचने या बैठे-बैठे देखने से पूरा नहीं होता। अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर मेहनत और सही दिशा में कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि यदि आज हम नशे के खिलाफ जागरूक होकर आवाज नहीं उठाएंगे और इस बुराई को रोकने के लिए आगे नहीं आएंगे, हमारा कोई नजदीकी भी नशे की चपेट में आ सकता है। उन्होंने कहा कि समय रहते जागरूक होकर सामूहिक प्रयास करना ही इसका वास्तविक समाधान है। उन्होंने कहा कि दृढ़ इच्छा शक्ति के साथ नशे से पीड़ित व्यक्ति को उपचार, काउंसलिंग और पारिवारिक सहयोग के माध्यम से पुनर्वास किया जा सकता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के साथ मित्रवत व्यवहार अपनाने, उनके व्यवहार में आने वाले बदलावों पर नजर रखने तथा समय रहते उन्हें नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान करते हुए कहा कि ‘बचाव ही सबसे बड़ा इलाज है।
जागरूकता शिविर में मुख्य वक्ता डा. अवतार सिंह ने कहा कि नई चीजों को आजमाने की उत्सुकता अक्सर युवाओं, विशेषकर किशोरों को नशे की ओर आकर्षित करती है। लेकिन धीरे-धीरे यह लत बन जाती है और शरीर में दर्द, चिड़चिड़ापन व बेचैनी जैसी समस्याएं पैदा होने लगती हैं। उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति को चोरी, जबरन पैसे मांगने तथा अन्य अवैध गतिविधियों की ओर धकेल सकती है, जिससे आर्थिक, सामाजिक और पारिवारिक जीवन बुरी तरह प्रभावित होता है। उन्होंने बताया कि नशे का असर लीवर, किडनी, हृदय सहित शरीर के कई महत्वपूर्ण अंगों पर पड़ता है और कई गंभीर बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है।
स्कूली शिक्षा के दौरान नशे की चपेट में आए और आज नशे की गर्त से बाहर निकले युवा रोबिन ने अपने अनुभव साझा करते बताया कि नशे की शुरुआत उनके स्कूल जीवन से हुई और कॉलेज पहुंचते-पहुंचते लत में बदल गई। उन्होंने कहा कि नशे की लत के कारण उस समय उसकी स्थिति बहुत खराब हो गई थी और उनके परिवार को भारी मानसिक पीड़ा और चिंता का सामना करना पड़ा। लेकिन दृढ़ ईच्छाशक्ति के साथ फ्रीडम फाउंडेशन संस्था के सहयोग से आज वह सामान्य जीवन व्यतीत करते हुए पिता के व्यवसाय में हाथ बंटा रहा है।

रोहतकः बीरेंद्र सिंह डूमरखां व बृजेंद्र सिंह समर्थकों से मिलेंगे

सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी : एडीसी अंजलि श्रोत्रिया

Sahab Ram

हरियाणा मीडिया में पिछले 14 सालों से सक्रिय। Yuva Haryana, Khabar Fast, STV Haryana News, खबरें अभी तक, A1 Tehelka में अपनी सेवाएं दी। चौपाल टीवी डिजिटल मीडिया के संस्थापक ।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment