
अतिरिक्त उपायुक्त आशिमा सांगवान की अध्यक्षता में बुधवार को जिला सचिवालय सभागार में खाद की उपलब्धता, सड़को की मुरम्मत, पराली प्रबंधन, फसल खरीद, खेतों में जल भराव संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
एडीसी सांगवान ने विभिन्न विषयों बारे समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि रबी सीजन के मद्देनजर किसानों को डीएपी की कमी न आने दी जाए। उन्होंने उप-निदेशक कृषि विभाग को निर्देश दिए कि खाद व बीज की उपलब्धता व सुचारू वितरण को लेकर खंड स्तर पर अधिकारियों की डयूटी लगाएं ताकि किसानों को परेशानियों का सामना न करना पड़े।
उप-निदेशक कृषि बलवंत सिंह ने बैठक में बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा जिले में किसानों की मांग के अनुरूप खाद उपलब्ध कराई जा रही है, जिसके लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। जिले को वीरवार व शुक्रवार को डीएपी के दो नए रैक मिलेंगे, जिससे डीएपी खाद की कोई कमी नहीं रहेगी। उन्होंने बताया कि इफ्को व गुजरात फर्टीलाइजर के रैक लगते ही सभी केन्द्रों पर डीएपी व सिंगल सुपर फास्फेट का वितरण शुरू कर दिया जाएगा।
एडीसी ने पराली प्रबंधों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिले में पराली जलाने पर रोक लगाई जाए और इस ओर पूरा ध्यान दिया जाए। उप-निदेशक कृषि ने बताया कि जिले के खंड जाटूसाना व खंड रेवाड़ी में दो हजार एकड़ में ही धान की फसल की बुआई की जाती है, जिसकी कटाई हाथ से की जाती है और जिले में पराली प्रबंधन की कोई समस्या नहीं है।
आशिमा सांगवान ने सड़क मुरम्मत कार्यों की समीक्षा करते हुए कार्यकारी अभियंता लोकनिर्माण विभाग को निर्देश दिए अब बरसात का मौसम समाप्त हो चुका है, जिले की जो भी सड़के टूटी-फूटी और क्षतिग्रस्त हैं उनकी मुरम्मत शुरू करवाएं और इस कार्य में गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखें। इस माह के अंत तक सभी सड़को की मुरम्मत कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने बस स्टैंड से राव गोपाल देव चौक तक क्षतिग्रस्त सड़क की मुरम्मत के लिए एनएएचआई से पत्राचार करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
उन्होंने फसल खरीद की समीक्षा करते हुए मार्केट कमेटी सचिव को निर्देश दिए कि फसल खरीद के दौरान किसानों को किसी प्रकार की कोई समस्या न होने पाए इसके लिए सभी आवश्यक प्रबंध कराना सुनिश्चित करें।
एडीसी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात के मौसम के दौरान जल भराव वाले क्षेत्रों में पानी की निकासी करवाएं ताकि किसान अपनी फसलों की बुआई कर सकें।





