एक पेड़ मां के नाम : जन भागीदारी से हरित रोहतक अभियान का शुभारंभ करेगा रोहतक जिला प्रशासन :- उपायुक्त सचिन गुप्ता

By Sahab Ram
On: June 24, 2026 4:44 PM
Follow Us:

रोहतक, 24 जून। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने वन विभाग की महम में स्थित नर्सरी में तैयार किये गए विभिन्न आयुवर्ग के पौधों का निरीक्षण किया तथा विभाग की मासिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। जिला प्रशासन जिला में 185 हेक्टेयर क्षेत्र में 3.48 लाख पौधों के रोपण तथा 1.50 लाख पौधों के जन सहभागिता के माध्यम से वितरण के लक्ष्य के साथ रोहतक को सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण का आदर्श मॉडल बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है।
सचिन गुप्ता ने वन मंडल अधिकारी सुंदर सिंह सांभरिया के साथ महम स्थित वन विभाग की नर्सरी का निरीक्षण किया और मानसून पौधारोपण अभियान के लिए तैयार किए गए पौधों के भंडार का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार की प्रमुख पहल एक पेड़ मां के नाम तथा मिशन लाइफ की भावना के अनुरूप जिला प्रशासन एवं वन विभाग द्वारा वर्तमान मानसून सत्र के दौरान एक पेड़ मां के नाम जन भागीदारी से हरित रोहतक अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत वित्त वर्ष 2026-27 में जिला के लगभग 185 हेक्टेयर क्षेत्र में 3 लाख 48 हजार 692 पौधे लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि कुल लक्ष्य में से लगभग 1 लाख 98 हजार 692 पौधे वन विभाग द्वारा विभिन्न वनीकरण, कृषि वानिकी तथा क्षतिपूरक पौधारोपण योजनाओं के अंतर्गत लगाए जाएंगे, जबकि 1 लाख 50 हजार पौधे नागरिकों, विद्यालयों, संस्थानों तथा सामाजिक संगठनों को वितरित किए जाएंगे ताकि जन भागीदारी के माध्यम से व्यापक पौधारोपण सुनिश्चित हो सके। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण पौधारोपण तथा पौधों के उचित रखरखाव के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने महम नर्सरी में लगभग 87,840 पौधे तैयार किए गए हैं। इसके अतिरिक्त हर्बल पार्क नर्सरी में 31 हजार से अधिक, लाखन माजरा नर्सरी में 43 हजार, सुनारिया नर्सरी में 78 हजार, सांघी नर्सरी में 39 हजार, सांपला नर्सरी में 21 हजार तथा बोहर नर्सरी में 30 हजार से अधिक पौधे तैयार किए गए हैं। उन्होंने पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने के लिए हरित क्षेत्र के विस्तार को अत्यंत आवश्यक बताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला में चिन्हित सभी स्थलों पर व्यापक स्तर पर पौधारोपण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता के माध्यम से पौधारोपण को जन आंदोलन का रूप दिया जाना चाहिए।
बॉक्स :-
जलेबी चौक पर 70 हजार पौधों का विकसित किया जाये सघन मियावाकी वन :-
सचिन गुप्ता ने कैंप कार्यालय में आयोजित वन विभाग की मासिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए निर्देश दिए कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के सहयोग से जलेबी चौक पर लगभग 70 हजार पौधों का सघन मियावाकी वन विकसित किया जाए। इसके अलावा मकरौली टोल प्लाजा के निकट रोहतक-गोहाना मार्ग पर लगभग 10 हजार पौधों का एक और मियावाकी वन विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में स्थित होने के कारण रोहतक में पर्यावरण संरक्षण का महत्व और अधिक बढ़ जाता है। इसलिए सडक़ों, ड्रेनों, शहरी हरित पट्टियों तथा सार्वजनिक खाली भूमि पर बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जाना चाहिए।
बॉक्स :-
सडक़ों, हरित पट्टियों, संस्थानों और ग्राम भूमि पर होगा पौधारोपण
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि वन विभाग द्वारा जिला में सडक़ों के किनारे, ड्रेनों के साथ, ग्राम पंचायत भूमि, संस्थागत परिसरों, शहरी हरित पट्टियों तथा सार्वजनिक स्थलों पर पौधारोपण किया जाएगा। प्रमुख स्थलों में रोहतक दक्षिण बाईपास, रोहतक-गोहाना मार्ग, गोहाना बाईपास, ड्रेन नंबर-8, चांदी डिस्ट्रिब्यूटरी रोड, एचएसवीपी हरित पट्टियां, एचएसआईआईडीसी ग्रीन बेल्ट, पीटीसी सुनारिया, करौंथा स्टेडियम, मैना स्टेडियम, गढ़ी सांपला स्टेडियम, राजकीय संस्कृति विद्यालय सांपला, राजकीय महाविद्यालय महम, निंदाना स्टेडियम, भाली शुगर मिल, गद्दी खेड़ी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तथा रोहतक, महम, कलानौर और लाखन माजरा खंड के विभिन्न स्थान शामिल हैं। इसके अतिरिक्त वन विभाग द्वारा फरमाना, महम, भैणी चंद्रपाल, खेड़ी महम, मदीना, खरकड़ा, कलानौर तथा लाखन माजरा सहित विभिन्न गांवों से गुजरने वाले प्रमुख मार्गों पर भी पौधारोपण किया जाएगा।
बॉक्स :-
देशी प्रजातियों और जैव विविधता पर रहेगा विशेष फोकस :-
सचिन गुप्ता ने कहा कि अभियान के तहत नीम, पीपल, बरगद, पिलखन, जामुन, अर्जुन, कचनार, अमलतास, कदंब, शीशम, आंवला, हरड़, बहेड़ा तथा मेलिया डूबिया जैसी देशी एवं पर्यावरणीय दृष्टि से उपयुक्त प्रजातियों का पौधारोपण किया जाएगा। इससे जैव विविधता को बढ़ावा मिलेगा तथा दीर्घकालिक पर्यावरणीय स्थिरता सुनिश्चित होगी। विभागीय पौधारोपण के अतिरिक्त पौधागिरी कार्यक्रम, जन सहभागिता अभियान तथा नि:शुल्क वितरण/विक्रय योजनाओं के तहत 50-50 हजार पौधे वितरित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक नागरिक अपनी मां के नाम पर पौधे लगाकर उनका संरक्षण कर सकें।
बॉक्स :-
पौधारोपण को जन आंदोलन बनाना होगा :-
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। ‘एक पेड़ मां के नाम जन भागीदारी से हरित रोहतक अभियान’ के माध्यम से हमारा उद्देश्य पौधारोपण को जन आंदोलन में बदलना और आने वाली पीढिय़ों के लिए एक हरित विरासत छोडऩा है। प्रत्येक नागरिक अपनी मां के नाम पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसका संरक्षण भी करे। बैठक के दौरान वन संरक्षण, अवैध कटान की रोकथाम, अतिक्रमण हटाने तथा वन क्षेत्रों की निगरानी से जुड़े विषयों की भी समीक्षा की गई। बैठक में वन मंडल अधिकारी सुंदर सिंह सांभरिया, आरएफओ सुभाष चंद्र, आरएफओ राकेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उप वन संरक्षक सुन्दर सिंह सांभरिया, आरएफओ सुभाष चंद्र एवं आरएफओ राकेश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Sanitation workers are the true soldiers of a clean Faridabad; respecting them is the responsibility of us all: Vipul Goel.
सफाई मित्र स्वच्छ फरीदाबाद के असली सिपाही, उनका सम्मान करना हम सभी की जिम्मेदारी: विपुल गोयल

The ADC imposed a fine of ₹44,998 in two cases of food adulteration.
एडीसी ने खाद्य पदार्थों में मिलावट के दो मामलों में लगाया 44 हजार 998 रुपये जुर्माना

Sahab Ram

हरियाणा मीडिया में पिछले 14 सालों से सक्रिय। Yuva Haryana, Khabar Fast, STV Haryana News, खबरें अभी तक, A1 Tehelka में अपनी सेवाएं दी। चौपाल टीवी डिजिटल मीडिया के संस्थापक ।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment