केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर की अध्यक्षता में आयोजित हुई दिशा की बैठक, विकास कार्यों एवं जनसुविधाओं को लेकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

By Sahab Ram
On: May 13, 2026 4:26 PM
Follow Us:

चंडीगढ़, 12 मई – जिला फरीदाबाद में आज जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक का आयोजन लघु सचिवालय सभागार में किया गया। बैठक की अध्यक्षता फरीदाबाद लोकसभा सांसद एवं केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री श्री कृष्ण पाल गुर्जर ने की। बैठक में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक श्री मूलचंद शर्मा, बड़खल विधायक श्री धनेश अदलखा, एनआईटी 86 विधायक श्री सतीश फागना और पृथला विधायक श्री रघुवीर सिंह तेवतिया भी मौजूद रहे। बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए विभिन्न एजेंडों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इसमें योजनाओं के बजट व्यय, लाभार्थियों तक पहुंच, जमीनी प्रभाव और पारदर्शिता को प्रमुखता से लिया गया।

केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री ने जिला विकास एवं विभिन्न विभागीय कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था, जल निकासी, पेयजल आपूर्ति, अतिक्रमण हटाने तथा शहर के सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए ताकि आमजन को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री ने उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगरा नहर के किनारे सड़क निर्माण कार्य करते समय दोनों ओर रहने वाले लोगों की आवाजाही किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण आवश्यक है, लेकिन इसके लिए दीवार बनाकर लोगों का संपर्क और आवागमन बंद करना उचित नहीं होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए संतुलित योजना तैयार की जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि आगरा नहर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के अभियान में जिला प्रशासन फरीदाबाद द्वारा भी पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा ताकि कार्य प्रभावी रूप से पूरा हो सके।

उन्होंने जिला रेडक्रॉस सोसाइटी को निर्देश देते हुए कहा कि आगामी 17 सितम्बर को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर दिव्यांगजनों को स्कूटी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों की पहचान, कार्यक्रम स्थल, पंजीकरण एवं वितरण व्यवस्था सहित सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं ताकि कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

बैठक में शहर में बढ़ते अतिक्रमण को लेकर भी गंभीर चर्चा की गई। केंद्रीय राज्य मंत्री ने नगर निगम, एचएसवीपी तथा संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि विशेष अभियान चलाकर राष्ट्रीय राजमार्ग तथा शहर के सभी प्रमुख मार्गों से अतिक्रमण हटाया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे खाली कराई गई भूमि को पुनः अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए वहां ग्रीन बेल्ट विकसित की जाए ताकि शहर का वातावरण स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके। उन्होंने विशेष रूप से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के दोनों ओर से अतिक्रमण हटाकर व्यापक स्तर पर हरित पट्टी विकसित करने के निर्देश दिए।

अधिकारी आमजन की शिकायतों का निवारण प्राथमिकता के आधार पर करें सुनिश्चित: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

बैठक में शहर की प्रमुख बाजारों के सौंदर्यीकरण को लेकर भी निर्देश जारी किए गए। केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि फरीदाबाद की मुख्य बाजारों में अतिक्रमण के कारण यातायात एवं आमजन को भारी परेशानी होती है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि बाजारों में अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ व्यवस्थित सौंदर्यीकरण कार्य भी करवाए जाएं ताकि बाजार क्षेत्र अधिक आकर्षक एवं व्यवस्थित दिखाई दें।

पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री ने एफएमडीए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के सभी क्षेत्रों में आबादी के अनुपात के अनुसार पर्याप्त जल वितरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में पेयजल की कमी की शिकायत नहीं आनी चाहिए तथा जल वितरण व्यवस्था का वैज्ञानिक तरीके से मूल्यांकन कर आवश्यक सुधार किए जाएं।

बैठक में रैनीवेल परियोजना से अवैध रूप से पानी के कनेक्शन लेने के मामलों पर भी कड़ा रुख अपनाया गया। केंद्रीय राज्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सर्विस स्टेशन एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों द्वारा लिए गए अवैध जल कनेक्शनों को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी जल संसाधनों का दुरुपयोग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

शहर की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर केंद्रीय राज्य मंत्री ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि छोटे-छोटे टेंडर जारी कर विभिन्न क्षेत्रों में नियमित कूड़ा संग्रहण व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि सफाई व्यवस्था प्रभावी बनी रहे। उन्होंने कहा कि बड़े क्षेत्रों के साथ-साथ कॉलोनियों एवं आंतरिक इलाकों में भी नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करना आवश्यक है।

बैठक में सीवर मैनहोल के खराब ढक्कनों का मुद्दा भी उठाया गया। केंद्रीय राज्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में टूटे एवं खराब मैनहोल ढक्कनों को तत्काल बदला जाए ताकि दुर्घटनाओं से बचाव हो सके। उन्होंने कहा कि जिन ठेकेदारों द्वारा घटिया गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग किया गया है, उन्हें ब्लैकलिस्ट कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर रोजगार मेला एवं जागरूकता अभियान का आयोजन

केंद्रीय राज्य मंत्री श्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे स्वयं मुख्य सतर्कता अधिकारी (Chief Vigilance Officer) को पत्र लिखकर नगर निगम, जिला परिषद तथा मार्केट कमेटियों द्वारा बनाई गई सड़कों की गुणवत्ता की जांच करवाएंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि निर्माण कार्यों में खराब गुणवत्ता पाई गई तो संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

मानसून सीजन को देखते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि शहर में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो इसके लिए सभी मुख्य मार्गों, ड्रेनेज लाइनों एवं नालों की सफाई का कार्य समय रहते पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

बैठक में लोकसभा क्षेत्र की सभी विधानसभा क्षेत्रों में एलईडी लाइटें लगाने को लेकर भी समीक्षा की गई। केंद्रीय राज्य मंत्री ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रमुख मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों पर चरणबद्ध तरीके से एलईडी लाइटें स्थापित की जाएं ताकि नागरिकों को बेहतर प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध हो सके और सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत हो।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं तथा कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

समीक्षा बैठक में नगर निगम कमिश्नर श्री धीरेंद्र खड़गटा, डीसी श्री आयुष सिन्हा, अतिरिक्त आयुक्त नगर निगम सलोनी शर्मा, सीईओ जिला परिषद शिखा, एसडीएम फरीदाबाद श्री हनी बंसल, एसडीएम बल्लभगढ़, डीसीपी उषा देवी, श्री मयंक भारद्वाज, सीटीएम श्री अंकित कुमार सहित अन्य सभी विभागों के संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार बूथ स्तर अधिकारी एसआईआर के कार्य को समयबद्ध करवाये पूर्ण :- उपायुक्त सचिन गुप्ता

Sahab Ram

हरियाणा मीडिया में पिछले 14 सालों से सक्रिय। Yuva Haryana, Khabar Fast, STV Haryana News, खबरें अभी तक, A1 Tehelka में अपनी सेवाएं दी। चौपाल टीवी डिजिटल मीडिया के संस्थापक ।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

और पढ़ें

अधिकारी आमजन की शिकायतों का निवारण प्राथमिकता के आधार पर करें सुनिश्चित: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर रोजगार मेला एवं जागरूकता अभियान का आयोजन

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार बूथ स्तर अधिकारी एसआईआर के कार्य को समयबद्ध करवाये पूर्ण :- उपायुक्त सचिन गुप्ता

योग दिवस का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य व नियमित रूप से योग व प्राणायाम के प्रति जागरूक करना है: डीएमसी

12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 19 जून को चौधरी ताऊ देवी लाल टाउन पार्क में योग कार्यक्रम एवं पायलट रिहर्सल का होगा आयोजन

नागरिकों की समस्याओं को समयबद्ध निपटान सुनिश्चित करें विभागाध्यक्ष : उपायुक्त महेंद्र पाल

Leave a Comment