झज्जर, 09 जुलाई।
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि
पीएम स्वनिधि योजना छोटे दुकानदारों के लिए लाभकारी है,प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सुगमता से योजना का मिले, इसके लिए अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
डीसी वर्षा खांगवाल गुरुवार को अधिकारियों की बैठक में पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा कर रही थीं। इस दौरान एडीसी जगनिवास भी उपस्थित थे
डीसी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए अभियान को और तेज किया जाए। उन्होंने कहा कि भारत सरकार के आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा संचालित यह योजना रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं, छोटे दुकानदारों तथा स्वरोजगार से जुड़े लोगों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
बैठक के दौरान डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करने के उद्देश्य से शहरी स्थानीय निकाय स्तर पर स्वनिधि शिविरों का आयोजन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों के माध्यम से सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों को अब तक प्राप्त आवेदनों के शीघ्र निपटान, नए ऋण आवेदनों की स्वीकृति एवं वितरण तथा डिजिटल भुगतान से वंचित रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं के पंजीकरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
इस बीच सीपीओ मनीषा ने डीसी वर्षा खांगवाल का स्वागत करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधी योजना के दायरे का विस्तार करते हुए अब रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं के साथ-साथ छोटे व्यवसाय एवं सेवाओं से जुड़े लोगों को भी शामिल किया गया है।
सरकार द्वारा झज्जर जिले के गांव फैजाबाद तथा बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव लडरावन को भी योजना के दायरे में शामिल किया गया है। योजना के अंतर्गत पहले चरण में पात्र लाभार्थियों को अपना व्यवसाय बढ़ाने के लिए 15 हजार रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाता है। समय पर ऋण अदायगी करने वाले लाभार्थियों को दूसरे चरण में 25 हजार रुपये तथा तीसरे चरण में 50 हजार रुपये तक की ऋण सुविधा प्रदान की जाती है।
यह अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर एडीसी जगनिवास, सीईओ जिला परिषद मनीष फोगाट, सीटीएम रितु, डीडीपीओ निशा तंवर सहित बैंक प्रतिनिधि व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
–





