हिसार, 03 जुलाई।
हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (एचटीईटी) के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर उपायुक्त महेंद्र पाल ने शुक्रवार को फतेह चंद महिला कॉलेज, एफसी कॉलेज व राजकीय महाविद्यालय सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उपायुक्त ने बताया कि शिक्षा बोर्ड, भिवानी के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी परीक्षा केंद्रों पर प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर केंद्र अधीक्षक की तैनाती की जाएगी। सभी केंद्रों पर डीवीआर, जैमर, सीसीटीवी कैमरे तथा कंट्रोल रूम स्थापित जैसी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई है। परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार पर फ्रिस्किंग एवं बायोमेट्रिक हाजिरी की व्यवस्था समय रहते पूर्ण की जाए।
उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा की शुचिता एवं गोपनीयता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अनियमितता या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नकल रहित परीक्षा संपन्न करवाने के लिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करें।
इस दौरान डीईओ रतन लाल, एसडीएम/सीटीएम ज्योति मित्तल सहित शिक्षा विभाग व संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
एचटेट अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए पुख्ता व्यवस्था:
उपायुक्त महेंद्र पाल ने बताया कि हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा के मद्देनजर परिवहन विभाग द्वारा बस अड्डे से अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए पर्याप्त व्यवस्था करने की गई। बोर्ड द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 4 जुलाई को सांयकालीन सत्र में दोपहर बाद 3 बजे से 5:30 बजे तक लेवल-3 (पीजीटी) की परीक्षा होगी तथा 5 जुलाई को प्रात:कालीन सत्र में सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 12:30 बजे तक लेवल-2 (टीजीटी) की परीक्षा एवं सायं कालीन सत्र में दोपहर बाद 3 बजे से 5:30 बजे तक लेवल-1 (पीआरटी) की परीक्षा आयोजित होगी।





