सिरसा, 25 जून।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा 28 जून से शुरू हो रहे प्लस पोलियो अभियान को लेकर सभी तैयारी पूर्ण कर ली है। वीरवार को सीएमओ डॉ पवन कुमार की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अलावा अन्य विभागों द्वारा अभियान को सफल बनाने के लिए विस्तृत चर्चा की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ पवन कुमार ने बताया कि इस तीन दिवसीय विशेष अभियान के सफल संचालन के लिए जिला स्तर पर सख्त मॉनिटरिंग की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग का मुख्य लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पांच साल तक का बच्चा दवा पीने से छूटे नहीं और शत-प्रतिशत परिणाम हासिल हो सके। इसके अलावा 26 जून को जिला अस्पताल से इस बारे जागरूकता रैली भी निकाली जाएगी।
उन्होंने बताया कि उन क्षेत्रों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, जहां पर जानकारी के अभाव में माता पिता बच्चों को दवा पिलाने में वंचित रह जाते हैं। इसके अलावा निर्माण स्थलों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। अभियान को सफल बनाने में आईएमए सहित सभी संबंधित विभागों का योगदान रहेगा।उन्होंने कहा कि इस अभियान में महिला एवं बाल विकास विभाग की सहायक भी भाग लेंगी। उन्होंने ग्राम पंचायतों से इस कार्य में सहयोग की अपील की। इसी प्रकार शहरी स्थानीय निकाय के तहत नगर परिषद और नगर पालिकाएं भी शहरों में मुस्तैदी से काम करेंगी। सीएमओ डॉ. पवन कुमार ने अभिभावकों से अपील है कि वे 28 से 30 जून के बीच अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी बूथ पर ले जाकर पोलियो की खुराक जरूर पिलवाएं।
पांच साल तक के हर बच्चे को पोलियो रोधी दवा पिलाना सुनिश्चित करें अधिकारी : सीएमओ





