हिसार, 18 जून।
जिला प्रशासन द्वारा लघु सचिवालय परिसर में आयोजित समाधान शिविर में वीरवार को उपायुक्त महेंद्र पाल ने आमजन की समस्याओं को सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि समाधान शिविर में आने वाली शिकायतों के समाधान की दिशा में कुछ विभागों को त्वरित एक्शन लेने की आवश्यकता है। पंचायत एवं विकास विभाग की 47, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन की 39, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की 31, सिंचाई एवं जल सेवाएं विभाग की 23, एचएसवीपी की 13 तथा शहरी स्थानीय निकाय विभाग की 15 शिकायतें लंबित हैं। इन विभागों के अधिकारियों को हिदायत दी गई कि वे जल्द से जल्द लंबित शिकायतों का निपटारा करें।
वीरवार को आयोजित समाधान शिविर में दयानंद ऋषि विहार निवासियों ने सीवर, पेयजल, एवं क्षतिग्रस्त हुए गलियों से संबंधित शिकायत पर उपायुक्त ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सभी समस्याओं का मौका मुआयना कर आगामी कार्यवाही अमल में लाना सुनिश्चित करें। जिम्नास्टिक एवं वेटलिफ्टिंग खिलाडिय़ों ने प्रेक्टिस हॉल को खाली करवाने एवं युवा स्पोर्ट्स क्लब खासा महाजन की तरफ से युवा खिलाडिय़ों के लिए खेल सुविधाओं व अन्य खेल सामग्री की मांग पर उपायुक्त महेंद्र पाल ने जिला खेल अधिकारी को खिलाडिय़ों के समक्ष आ रही समस्या का उचित समाधान करने के निर्देश दिए। गांव चारनौंद निवासी सतीश द्वारा शिविर में परिवार पहचान पत्र में दर्ज गलत भूमि विवरण को ठीक करने के साथ-साथ राशन कार्ड जारी करने की मांग पर तथा कैंसर पीड़ित एक वृद्ध महिला की सामाजिक सुरक्षा पेंशन बनाए जाने संबंधी शिकायत पर उपायुक्त ने नागरिक संसाधन सूचना विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को नागरिकों की समस्या का हल करने की हिदायत दी। इसी प्रकार गांव सदलपुर के एक निवासी ने अपनी माता जो कैंसर से पीड़ित हैं, की पेंशन न बनने की शिकायत पर उपायुक्त महेंद्र पाल ने संबंधित विभाग के अधिकारी को पात्रता अनुसार प्रार्थी के समक्ष आ रही समस्या के समाधान करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसीयुटी विवेक यादव, एसडीएम ज्योति मित्तल, सीटीएम रोहित कुमार, जिला परिषद सीईओ सुभाष चंद्र, डीडीपीओ नरेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।





