रोहतक, 24 अप्रैल : हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपायुक्तों के साथ प्रदेश में वायु प्रदूषण को रोकने के लिए राज्य कार्य योजना तैयार करने बारे चर्चा की। उन्होंने वायु प्रदूषण को रोकने के लिए सभी संबंधित विभागों को कठोर कदम उठाने के निर्देश दिये। इस अवसर पर उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला में मॉडल रोड़ बनाने की दिशा में कार्य जारी है तथा एक मॉडल रोड़ को जून माह तक पूर्ण कर लिया जायेगा।
सचिन गुप्ता स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में वीडियो कॉन्फेंस के उपरांत संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग मॉडल रोड़ बनाने की दिशा में गंभीरता से कार्य करें। उन्होंने कहा कि सभी सडक़ों को गड्ढïा मुक्त किया जाये। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रदूषण फैलाने वाली औद्योगिक इकाइयों के बारे में भी आवश्यक कदम उठाये जाये। उन्होंने कहा कि कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अधिकारी सुनिश्चित करें कि फसलों के अवशेष जलाने की कोई घटना न हो।
इस अवसर पर प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण के सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनजीत कुमार, परिवहन डिपो के महाप्रबंधक नवीन कुमार सहित अन्य संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी मौजूद रहे।










