
गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस विभाग की ओर से जिलेभर में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए है। राव तुलाराम स्टेडियम में मनाए जा रहे जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान यातायात को सुचारू रूप से चलाने के लिए मुख्य चौराहों पर आवश्यकतानुसार ट्रैफिक जवानों को तैनात किया गया है। गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा के लिहाज से शहर में आंतरिक व बाहरी नाके लगाए गए है। यात्रियों के सामान की जांच कर उन्हें लावारिस वस्तुओं को नहीं छूने से संबंधित निर्देश जारी किए है। राइडर व पीसीआर द्वारा गश्त की जा रही है।

जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि गणतंत्र दिवस के मध्यनजर सभी थाना/चौकी प्रभारी को आदेश जारी किए गए हैं कि वे अपने-2 थाना क्षेत्र में आने वाले मॉल, होटल, धर्मशाला, सराय, ढाबों व पीजी होस्टलों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों की सघन तलाशी लें। किसी भी संदिग्ध के बारे में सूचना मिलते ही तुरंत प्रभाव से कार्यवाही की जाएगी। होटलों मे बाहर से आकर जो भी लोग ठहरे हुए हैं उनके बारे मे पूरी जानकारी हासिल करें। बाजारों, सिनेमा हॉल, बस स्टैंड, मॉल, रेलवे स्टेशन व धार्मिक स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। शहर के मुख्य चौराहों व रास्तों पर नाकेबंदी की गई है।
एसपी ने आम लोगो से भी आह्वान किया है कि अगर उन्हें कोई भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति नजर आए या कोई सूचना मिले तो उसकी सूचना तुरन्त पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 100, 01274-225156 पर सूचित करें। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम के दौरान भी कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आती है तो तुरंत ही पुलिस से संपर्क कर उन्हें सूचित करें। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह सद्भावपूर्ण तरीके से मने यही पुलिस का प्रयास है।





