
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सोमवार को वीसी के माध्यम से मुख्यमंत्री परिवार समृद्धि योजना के तहत प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना व प्रधानमंत्री मानधन योजना के लाभार्थियों को 5.33 करोड़ रुपये की राशि स्थानांत्रित की। वी.सी. के माध्यम से लोगों को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि गरीबों के कल्याण एवं उत्थान के लिए भाजपा सरकार निरंतर कार्यरत्त है। जो व्यक्ति आर्थिक रूप से कमजोर है तथा उसकी सलाना आय 1.80 लाख रुपये से कम है, ऐसे परिवारों की वार्षिक आय को बढ़ाने के लिये प्रदेश में प्रथम चरण में लगभग 270 अंतोदय ग्राम उत्थान मेले लगाकर, जिनमें लगभग 90 हजार परिवारों को बुलाने का काम किया और उन्हें 54 विभागों की स्कीमों के तहत उनकी आय को बढ़ाने के लिये कार्य किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड की तीसरी लहर कम होने के बाद दूसरे चरण के कार्य को शुरू किया जायेगा और जो भी योग्य पात्र होगा, उसे इसका लाभ दिलवाने का काम किया जायेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री परिवार समृद्धि योजना के तहत प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना व प्रधानमंत्री मानधन योजना, (प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना, प्रधानमंत्री लघु व्यापारी मानधन योजना) के अंतर्गत आने वाले लाभार्थियों को इसका लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 31 मार्च से पहले जो व्यक्ति इस योजना का लाभ लेना चाहते हैं, वे अपना रजिस्ट्रेशन करवाना सुनिश्चित करवाएं। पंजीकरण का कार्य सीएससी सेंटर या बैंक में करवाया जा सकता है।

एडीसी जयदीप कुमार ने सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित करने के उपरांत अपने सम्बोधन में कहा कि मुख्यमंत्री परिवार समृद्धि योजना के अंतर्गत योजनाओं का लाभ लेने के लिये व्यक्ति पंजीकरण करवा सकता है। उन्होंने कहा कि पंजीकरण करवाने के बाद संबंधित व्यक्ति को योजना का लाभ सुगमता से मिलना सुनिश्चित होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा निरंतर हर वर्ग के उत्थान के लिये कार्य किये जा रहे हैं। रेवाड़ी जिला में भी अंत्योदय मेलों में लोगों ने इसका लाभ उठाते हुए अपनी आमदनी को बढ़ाने की दिशा में काम किया है। उन्होंने यहां आए लोगों से आग्रह किया कि मुख्यमंत्री परिवार समृद्धि योजना के बारे वह लोगों को जागरूक करें ताकि वे भी इस स्कीम का लाभ उठा सकें।
एडीसी ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना व प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के 50-50 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए तथा श्रम योगी मानधन योजना के तहत 97 लाभार्थियों व किसान मानधन योजना के तहत 217 लाभार्थियों के खाते में सीधे योजना की राशि ट्रांसफर की गई। उन्होंने आह्वान किया कि योजना के तहत अधिक से अधिक पंजीकरण करवाएं तथा पावती रसीद को संभाल कर रखें।





