डा. बनवारी लाल सोमवार को बावल विस क्षेत्र के गांव खालेटा की पहाड़ी स्थित हनुमान मंदिर के नवनिर्मित गेट व मंदिर को जाने वाले रास्ते का उद्घाटन करने उपरांत जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मदन लाल व पवन कुमार ने अपने पूर्वजों की यादगार में मंदिर में कार्य करवाकर सराहनीय व पुण्य का काम किया है। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों के समय में बावल क्षेत्र विकास के मामले में पिछड़े क्षेत्रों में गिना जाता था। लेकिन मुख्यमंत्री मनोहर लाल के राज में बावल क्षेत्र में विकास का पहिया तेज गति से घूम रहा है और बावल क्षेत्र में अनेक विकास कार्य हुए हैं।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में चहुंमुखी विकास को लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य और सिंचाई के साथ आवागमन के संसाधनों के माध्यम से विकास कार्यों को गति प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सीएम मनोहर लाल प्रदेश के विकास व गरीब कल्याण की योजनाओं को और गति देने का कार्य करेंगे। उन्होंने खालेटा के विकास के लिए 15 लाख रुपए देने की घोषणा की।

डा. बनवारी लाल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश में पारदर्शी शासन व्यवस्था लागू की है, जिसके तहत भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है और लोगों को विभिन्न स्कीमों का फायदा ऑनलाइन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले सात वर्षों में प्रदेश में योग्यता के आधार पर नौकरियां दी गई हैं, जिस कारण दक्षिणी हरियाणा के युवाओं को सरकारी नौकरी में पहले से ज्यादा भागीदारी मिली है।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार आजादी अमृत महोत्सव की श्रृंखला में अंत्योदय उत्थान वर्ष में अंत्योदय के सिद्घांत पर चलते हुए कार्य कर रही है, जिसके तहत समाज के अंतिम व्यक्ति का उत्थान सुनिश्चित करना सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सोच है कि लाइन में खड़े अंतिम व्यक्ति का उदय हो और उसे समाज की मुख्यधारा में लाया जा सके। उन्होंने कहा कि अंत्योदय के बिना प्रदेश के विकास की परिकल्पना करना बेमानी होगी।





