जानकारी अनुसार, राजस्थान के जिला अलवर के गांव गुणसार निवासी राजबीर, नवीन (23) व रुपेन्द्र (23) तीनों इको गाड़ी में सवार होकर किसी काम से बावल औद्योगिक क्षेत्र में आए हुए थे। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर असाही फ्लाईओवर से उतरने के बाद वह गाड़ी को सर्विस रोड पर ले गए, तभी पोस्को चौक के पास अचानक उनकी गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो गाड़ी की रफ्तार काफी ज्यादा थी, जिसकी वजह से उनकी गाड़ी सड़क के साथ खड़े पेड़ से टकरा गई। कार को राजबीर चला रह था। एक युवक उसके साथ वाली सीट पर तो दूसरा पीछे बैठा हुआ था। हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। हादसे में नवीन और रुपेन्द्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजबीर गंभीर रूप से घायल हो गया।
एंबुलेंस की मदद से तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो को मृत घोषित कर दिया। घायल चालक राजबीर का रेवाड़ी के ही एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि मृतक रुपेन्द्र फौज में नौकरी करता था। छुट्टी पर आया हुआ था। वह राजबीर और नवीन के साथ किसी कंपनी में काम से आया था। सोमवार को पुलिस ने दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिए हैं।





