जानकारी के अनुसार, राजस्थान के जिला मूंदी के गांव कैशोराय पाटन निवासी बिरम (35) रेवाड़ी के नैचाना रोड़ पर स्थित झुग्गियों में अपने परिवार के साथ रहता था और मजदूरी करता था। रविवार की देर रात वह कोई सामान लेने के लिए दिल्ली-जयपुर हाईवे पर गया था। बिरम के पीछे-पीछे उसका छोटा भाई बिशनलाल पैदल-पैदल आ रहा था। तभी नैचाना कट पर फैमिली ढाबा के सामने हाईवे क्रॉस करते वक्त जयपुर की तरफ से आ रही एक गुरुग्राम रजिस्ट्रेशन नंबर की कार ने उसे जबरदस्त टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी चालक कार सहित फरार हो गया।
बिशनलाल गंभीर रूप से घायल अपने भाई को पहले बावल अस्पताल और फिर रेवाड़ी ट्रॉमा सेंटर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही बावल थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। सोमवार को बिरम के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
साथ ही पुलिस ने बिशनलाल की शिकायत पर आरोपी कार चालक के खिलाफ केस भी दर्ज कर लिया है, परंतु आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। पुलिस कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।





