सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि 12 अप्रैल से शुरू होने वाले नए शैक्षणिक सत्र 2022-23 के पहले ही दिन करीब 5 लाख बच्चों को टैबलेट वितरित कर दिए जाएंगे जो Sumsung A7 lite (T-225) मॉडल टैबलेट है. एक टैबलेट की कीमत 12,500 रुपए है. हर छात्र को प्रतिदिन 2 जीबी इंटरनेट डेटा फ्री में दिया जाएगा. मिली जानकारी के अनुसार पानीपत के डाइट सेंटर पर 17,543, जींद में 23,585 और गुरुग्राम के डाइट सेंटर पर 25,241 टैबलेट पहुंचा दिए गए हैं. वहां से स्कूल तथा स्कूल से लाइब्रेरी में सुरक्षित रखें जाएंगे. इसके बाद लाइब्रेरी से बच्चों को टैबलेट जारी किए जाएंगे. योजना के तहत शुरुआत में 10वीं, 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए जाएंगे. इस शैक्षणिक सत्र में बारहवीं का स्टूडेंट पास होने के बाद टैबलेट को वापस लाइब्रेरी में जमा करवाएगा, जहां से फिर यह टैबलेट 9 वीं कक्षा के छात्र को दिया जाएगा.
टैबलेट मिलने से क्या-क्या फायदे मिलेंगे
स्कूली छात्रों को डिजिटल ऑनलाइन शिक्षा का लाभ मिलेगा. इसका मूल उद्देश्य सरकारी स्कूलों में पढऩे वाले बच्चों को, जो आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्ग से हैं और जो स्मार्टफोन व टैबलेट उपकरण खरीदने में सक्षम नहीं है, की डिजिटल शिक्षा के अंतर से न्यूनता लाना है. इन टैबलेट्स में 10 वीं और 12 वीं कक्षा के करीब 5 लाख विद्यार्थियों को पहले से लोड की गई पठन सामग्री व पर्सनलाइज्ड अडैपटिव लर्निंग सॉफ्टवेयर युक्त और प्रतिदिन 2 जीबी मुफ्त इंटरनेट डेटा सहित टैबलेट उपलब्ध करवाए जाएंगे. टैबलेट में डिजिटल सामग्री, ई-पुस्तकें, विभिन्न प्रकार के परीक्षण वीडियो और सरकारी स्कूलों में कक्षा वार पाठ्यक्रम से जुड़ी संबंधित सामग्री उपलब्ध होगी.










