
देश इलेक्ट्रिक वाहनों की दिशा में आगे बढ़ रहा है सरकार की भी मंशा है कि ज्यादा से ज्यादा लोग इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल करें। जिसको लेकर कहीं इलेक्ट्रिक हाइवे का निर्माण किया जा रहा है तो कहीं अलग-अलग स्थानों पर चार्जिंग पॉइंट्स बनाये जा रहे है। चार्जिंग पॉइंट्स बनाने की दिशा में काम करते हुए देश के दो बड़े नेशनल हाइवे पर जगह- जगह 18 बड़े चार्जिंग स्टेशन बनाने की योजना है। इन चार्जिंग स्टेशन की खास बात यह है कि एक साथ 75 वाहनों को चार्ज किया जा सकेगा। दिल्ली -जयपुर और दिल्ली-आगरा हाइवे को इलेक्ट्रिक बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। 500 किमी लंबे दोनों हाइवे पर करीब 150 ईवी चार्जिंग पॉइंट बनाए जाएंगे जिससे आने जाने वाले यात्रियों को किसी भी तरह की कोई मुश्किल न हो।
इलेक्ट्रिक चार्जर स्टेशन से लैस
इससे पहले भी गुरुग्राम में इसी तरह के 96 इवी के चार्जिंग पॉइंट को शुरू किया गया था। ये चार्जिंग स्टेशन भी देश का सबसे बड़ा इलेक्ट्रिकल व्हीकल चार्जिंग स्टेशन है। जानकारी के मुताबिक ये स्टेशन हाइवे पर बनने वाले 150 ईवी चार्जिंग स्टेशन की तर्ज पर ही बनाया गया है। इसके बाद लोगों को इन दोनों हाईवे पर यात्रा करने के लिए किसी भी प्रकार से पेट्रोल और डीजल का झंझट नहीं रहेगा। यह दोनों हाईवे पूरी तरह से इलेक्ट्रिक चार्जर स्टेशन से लैस होने जा रहे हैं।

18 चार्जिंग स्टेशन बनेंगे
इसमें दिल्ली जयपुर के 280 किमी लंबे हाइवे पर 10 चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। वहीं दिल्ली और आगरा हाइवे पर 8 चार्जिंग स्टेशन बनाने की बात कही जा रही है। जयपुर और आगरा में भी गुरुग्राम जैसे चार्जिंग स्टेशन बनाने का काम चल रहा है।
75-75 चार्जिंग पॉइंट्स के होंगे स्टेशन
दैनिक भास्कर में प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक आगरा, दिल्ली और जयपुर में बनने वाले चार्जिंग स्टेशन 75-75 पॉइंट्स वाले बनाए जाएंगे जिसका मतलब ये है कि अब इन स्टेशनों पर एक साथ 75-75 इलेक्ट्रिकल वाहन चार्ज हो सकेंगे। वहीं दोनों हाइवे पर एक एक चार्जिंग स्टेशन ऐसा भी बनाया जाएगा जो सोलर पावर से चलेगा। वहीं ये स्टेशन भी फास्ट चार्जिंग स्टेशन होंगे। यहाँ डेढ़ घंटे में पूरी बैटरी को चार्ज किया जा सकेगा।
कैब फ्लीट की सुविधा
नेशनल हाइवे फॉर इलेक्ट्रिकल व्हीकल के प्रोजेक्ट निदेशक अभिजीत सिन्हा ने मीडिया से बातचीत के दौरान ये भी बताया कि चार्जिंग स्टेशन पर यात्रियों को कैब फ्लीट सुविधा भी मुहैया कराई जाएगी। जिसमें यदि कोई व्यक्ति कैब सर्विस के तहत सफर कर रहा है या उसने गाड़ी किराये पर ली है तो चार्जिंग स्टेशन पर 5 मिनट में ही उसे उसी मॉडल की दूसरी चार्ज गाड़ी दे दी जाएगी। बता दें कि इसके अलावा भी कई हाइवे पर चार्जिंग स्टेशन बनाने का काम चल रहा है। अगले वर्ष अहमदाबाद-वडोदरा, मुंबई-सूरत के साथ साथ 9 अन्य हाइवे पर भी चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। इसका काम 2023 में शुरू होने के आसार हैं।





