Haryana : हरियाणा के सिरसा साइबर क्राइम थाना के 3 पुलिसकर्मी राजस्थान में संदिग्ध नकदी के साथ पकड़े जाने के बाद सस्पेंड कर दिए गए हैं। मामला तब सामने आया जब साइबर फ्रॉड के एक मामले में जांच के लिए गई सिरसा पुलिस टीम को राजस्थान एंटी करप्शन ब्यूरो ने रोककर तलाशी ली।
वाहन से 6 लाख रुपये नकद बरामद
मिली जानकरी के अनुसार सिरसा साइबर थाना की टीम राजसमंद और उदयपुर क्षेत्र से दो आरोपियों को हिरासत में लेकर हरियाणा लौट रही थी। इस दौरान अजमेर जिले के कुचामन सिटी थाना क्षेत्र के त्रिशिंगिया इलाके में एसीबी टीम ने कार (HR 24 GV 2222) को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान वाहन से 6 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिसकर्मी नहीं दे पाए साफ जवाब
इस दौरान गाड़ी में साइबर क्राइम थाने के पीएसआई सुरेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र और कांस्टेबल जगजीत सिंह सवार थे। एसीबी एसपी महावीर सिंह के अनुसार जब पुलिसकर्मियों से बरामद राशि के संबंध में जानकारी मांगी गई तो वे कोई स्पष्ट या संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद नकदी को संदिग्ध मानते हुए जब्त कर लिया गया।
तत्काल प्रभाव से सस्पेंड के आदेश
बता दें कि राजस्थान ACB ने पूरे मामले की रिपोर्ट सिरसा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी, जिसके बाद तीनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस लाइन भेज दिया गया। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन एसीबी और सिरसा पुलिस दोनों स्तर पर मामले की जांच जारी है।






