Haryana News: हरियाणा में हिसार जिले के उकलाना क्षेत्र के गांव सुरेवाला में बिजली चोरी की जांच करने पहुंचे बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। आरोप है कि ड्यूटी पर गई टीम को ग्रामीणों ने घेर लिया, सरकारी कार्य में बाधा डाली और जान से मारने की धमकी दी।
घटना 10 फरवरी की शाम करीब 8:50 बजे की बताई जा रही है। मौके पर 40-50 लोगों की भीड़ जुटने से स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
अधिकारी को थप्पड़, सरकारी डायरी के पन्ने फाड़े
बिजली निगम के जेई विक्रम सिंह की शिकायत के अनुसार, वह अन्य अधिकारियों के साथ गांव में बिजली चोरी के मामलों की जांच के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने टीम के साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया और उन्हें सरकारी कार्य करने से रोक दिया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बिंदर उर्फ दुधिया ने एक अधिकारी को थप्पड़ मार दिया। वहीं रमेश उर्फ पप्पू ने सरकारी डायरी के पन्ने फाड़ दिए। इसके अलावा सुनील उर्फ कोकी पर भी अभद्र व्यवहार करने का आरोप है। मौके पर मौजूद भीड़ के कारण सरकारी कर्मचारियों के जीवन को खतरा उत्पन्न होने की बात भी कही गई है।
3 नामजद सहित अज्ञात पर केस दर्ज
जेई की शिकायत के आधार पर उकलाना थाना पुलिस ने बिंदर उर्फ दुधिया, रमेश उर्फ पप्पू और सुनील उर्फ कोकी समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 121(1), 132, 221, 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।
मामले की जांच एसआई नवीन मलिक को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।






