पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि चारधाम यात्रा 3 मई 2022 से प्रस्तावित है। यात्रा के प्रारंभ होने के संबंध में उत्तराखंड राज्य के पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने देश के सभी राज्यों को एडवाइजरी जारी करने के लिए पत्र लिखा है। उल्लेखनीय है कि चारधाम यात्रा में देशभर के भक्त शामिल होते हैं।
उत्तराखंड में तीन मई से प्रारंभ हो रही यात्रा में हरियाणा सहित उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र व गुजरात सहित अन्य राज्यों से लाखों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। यात्रा के लिए भक्त अपने निजी या व्यावसायिक वाहनों से जाते हैं। इसमें दिक्कत आ सकती है। पुलिस के अनुसार चारधाम यात्रा मार्ग पर कई स्थानों पर आल वेदर रोड, सड़कों की मरम्मत और सड़क चौड़ीकरण आदि का काम चल रहा है। यात्रा मार्ग पर अधिक संख्या में वाहनों के आवागमन से दिक्कत आ सकती है। उत्तराखंड में पहाड़ों पर भूस्खलन होने के कारण मार्ग जब—तब अवरुद्ध हो जाता है।
भूस्खलन होने पर जाम की स्थिति बनने की आशंका भी बनी रहती है। यही कारण है कि यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए उत्तराखंड पुलिस की वेबसाइट https://uttarakhandpolice.uk.gov.in पर अनेक सूचनाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसमें चारधाम यात्रा के दौरान यात्रा मार्ग के अवरुद्ध होने आदि के संबंध में समस्त सूचनाएं हैं जिससे यात्री दिक्कतों से बच सकते हैं।





