रबी सीजन में बेमौसमी बरसात झेलने वाले किसानों को सरसों के भाव अच्छे मिलने से हल्की राहत मिली है। मौजूदा समय में सरसों 6400 रुपए प्रति क्विंटल से लेकर 6600 रुपए प्रति क्विंटल तक बिक रही है। ऐसे में किसान की एक एकड़ भूमि में उगी सरसों 60 हजार से 80 हजार रुपए में बिक रही है। मौजूदा समय में प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में सरसों की फसल पककर तैयार है। वहीं किसान फसलों की कटाई प्रक्रिया में जुट गए हैं। अनाज मंडी में भी सरसों की आवक शुरू हो गई है। शनिवार को भी 6500 रुपए प्रति क्विंटल से अधिक सरसों की बोली लगी।
तेल के भावों में आया उछाल गत वर्ष की तरह इस वर्ष भी सरसों की सरकारी खरीद होना मुश्किल है, क्योंकि किसान ओपन बाजार में ही सरसों को बेचने को प्राथमिकता देंगे। पिछले साल भी रबी खरीद सीजन के दौरान सरसों का भाव न्यूनतम समर्थन मूल्य से अधिक होने के कारण सरकारी खरीद नहीं हो पाई थी। जिसके चलते राशन डिपो के माध्यम से गरीब परिवारों को मिलने वाला सरसों के तेल का वितरण सरकार को बंद करना पड़ा था।
वहीं सरसों के भाव बढ़ने के साथ-साथ तेल के भाव भी ज्यादा बढ़ गये थे। जिसका असर रसोई पर पड़ने लगा था। इस बार भाव काफी अच्छा अनाज मंडी में सरसों की खरीद प्रक्रिया शुरू हो गई है। 6400 रुपए प्रति क्विंटल से लेकर 6600 रुपए प्रति क्विंटल तक सरसों की बोली लग रही है।









