
दिल्ली में अमरुत योजना के तहत सड़क मार्ग पर सीवर लाइन बिछाने का काम शुरू हो गया है जिसके चलते 29, 30 व 31 जनवरी को दिल्ली सड़क मार्ग बंद रहेगा. बता दें कि सीवर लाइन गढ़ी बोहर के एसटीपी से जोड़ने का काम 29 जनवरी की सुबह से शुरू हो गया है और खुदाई, पाईप बिछाने तथा फिर आवागमन के लिए रास्ता बनाने का काम 31 जनवरी तक दिन-रात किया जाएगा.
मैनहोल से जोड़ते हुए बड़ी सीवर लाइन दिल्ली मार्ग क्रॉस करके बिछाई जानी है ताकि गढ़ी बोहर एसटीपी से जुड़ सके. इस कार्य के लिए कार्यदायी संस्था ने जिला प्रशासन और पुलिस से हरी झंडी मिलते ही काम शुरू कर दिया है. पुलिस प्रशासन के साथ नगर निगम के अधिशासी अभियंता हेडक्वार्टर मनजीत दहिया ने भी बैठक करते हुए 29 जनवरी की सुबह 5 बजे से 31 जनवरी तक दिल्ली रोड़ गोयल पेट्रोल पंप के पास रास्ता बंद करना तय किया गया है. मार्ग के दोनों तरफ बड़े-बड़े बैरियर व बोर्ड लगाए गए हैं ताकि वाहन चालक वैकल्पिक मार्ग से होकर आवागमन कर सकें. वहीं, निगम की टीम ने वैकल्पिक रास्तों का निरीक्षण भी कर लिया है.

वैकल्पिक मार्ग
मेयर मनमोहन गोयल ने जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली से आने वाले वाहन गोयल पेट्रोल पंप के पास से सेक्टर-27 की तरफ जाएंगे. करीब डेढ़ किलोमीटर आगे टी प्वाइंट से ओमेक्स सिटी (सीधे हाथ) की तरफ से मुड़ेंगे. वाहन ओमेक्स सिटी फ्लाईओवर से होते हुए सर्किट हाउस से होते हुए दिल्ली बाईपास पहुंचेंगे. इसी तरह से दिल्ली की तरफ जाने वाले वाहन जाएंगे. वहीं, दिल्ली की तरफ से सोनीपत जाने वाले वाहन आईएमटी चौक या गोयल पेट्रोल पंप के सामने आईएमटी (IMT) से होते हुए गढ़ी बोहर और फिर सोनीपत रोड़ पर पहुंचेंगे.




