Haryana News: हरियाणा के सिरसा जिले के नाथूसरी चोपटा क्षेत्र में गांव माखोसरानी के पास नोहर फीडर नहर में एक कार गिर गई। कार में तीन महिलाओं और दो बच्चों सहित छह लोग सवार थे। ग्रामीणों की सूझबूझ और त्वरित मदद से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
शाम 7:30 बजे हुआ हादसा, बाइक सवार ने मचाई मदद की गुहार
जानकारी के अनुसार, कार सवार फतेहाबाद जिले के हिंजारावा खुर्द से कैरावाली की ओर से नाथूसरी चोपटा जा रहे थे। शाम करीब 7:30 बजे माखोसरानी के पास कार का संतुलन बिगड़ गया और वह नोहर फीडर नहर में जा गिरी।
उसी समय वहां से गुजर रहे डॉ. राजेश कुमार सिद्धू ने घटना देखी और तुरंत आसपास के लोगों को मदद के लिए आवाज लगाई।
ग्रामीणों ने दिखाई बहादुरी, सभी को सुरक्षित निकाला
मदद की पुकार सुनकर ग्रामीण रमेश कुमार भाकर, प्रमोद कासनिया और प्रदीप कासनिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना समय गंवाए नहर में उतरकर कार सवार सभी छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
फतेहाबाद के रहने वाले हैं सभी कार सवार
कार में सवार लोगों की पहचान फतेहाबाद जिले के हिंजारावा खुर्द निवासी 58 वर्षीय मक्खन सिंह, 60 वर्षीय तारो देवी, 62 वर्षीय जीतो बाई, 24 वर्षीय सुनीता, 4 वर्षीय अवेक कुमार और 2 वर्षीय आर्यन के रूप में हुई है। सभी को सुरक्षित पानी से बाहर निकाल लिया गया।
अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर
घटना की सूचना डायल 112 पर भी दी गई। एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को नाथूसरी चोपटा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी की हालत स्थिर है।
कार भी सुरक्षित बाहर निकाली गई
डॉ. राजेश सिद्धू ने बताया कि घटना के समय उन्हें लगा जैसे भगवान ने उन्हें इन जिंदगियों को बचाने के लिए वहां भेजा हो। ग्रामीणों की मदद से न केवल सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया, बल्कि कार को भी पानी से बाहर निकाल लिया गया।






