रेवाड़ी एसडीएम सिद्धार्थ दहिया ने कहा कि उपमंडल में आमजन को एक ही छत के नीचे सभी जरूरी सेवाओं का लाभ प्रदान करने के उद्देश्य से अंत्योदय सरल केंद्र जिला मुख्यालय पर स्थापित किए गए हैं। ऐसे में कोई भी व्यक्ति इन केंद्रों पर सरकार द्वारा प्रदत सेवाओं का लाभ ले सकता है।
उन्होंने बताया कि गांवों में भी नागरिकों की सुविधा के चलते सीएससी सेंटर भी स्थापित किए गए हैं, इन सेंटर पर नागरिक जरूरी सेवाओं जैसे विवाह पंजीकरण,रिहायशी प्रमाण पत्र,बीसी,ओबीसी प्रमाण पत्र,फैमली आईडी और परिवार पहचान पत्र सहित अन्य सेवाओं का लाभ ले सकते हैं। इसके लिए सरकार द्वारा बाकायदा सरकारी फीस निर्धारित की गई।
एसडीएम सिद्धार्थ दहिया ने बताया कि उनके संज्ञान में आया है कि उपमंडल रेवाड़ी में कुछ सीएससी संचालक सरकार द्वारा निर्धारित फीस से ज्यादा राशि वसूल रहे हैं, ऐसे सीएससी सैंटर संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शिकायत पर अमल में लाई जाएगी। उन्होंने रेवाड़ी उपमंडल के नागरिकों से अपील की है कि अगर कोई भी सीएससी सैंटर संचालक निर्धारित फीस से ज्यादा राशि वसूलता है,तो उसकी शिकायत लघु सचिवालय रेवाड़ी स्थित उपमंडल अधिकारी ना. कार्यालय में निजी तौर पर या कार्यालय के दूरभाष नंबर 01274-222270 पर सूचित किया जा सकता है। शिकायत के आधार पर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।










