झज्जर, 31 जुलाई।
डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने कहा कि एसआईआर अभियान के चलते निर्वाचन आयोग के निर्देश अनुसार प्रारूप फोटो युक्त मतदाता सूचियों के प्रकाशन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है,मतदाता अपना नाम वोटर लिस्ट में चैक कर लें। उन्होंने कहा कि प्रारम्भिक मतदाता सूची का प्रकाशन लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण है तथा सभी राजनीतिक दल एवं नागरिक इसमें सक्रिय भागीदारी निभाते हुए मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में सहयोग करें।
डीसी शुक्रवार को लघु सचिवालय सभागार में एसआईआर 2026 के चलते राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रही थी। इस बीच उन्होंने
प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन करते हुए विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उसकी प्रतियां वितरित कीं।
बैठक में एसडीएम बादली विशाल कुमार ने निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम एवं दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी साझा की।
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि 1 जुलाई को अर्हता तिथि मानते हुए एसआईआर अभियान चलाया जा रहा है,जिन नागरिकों की आयु 18 वर्ष पूरी हो चुकी है, वे अपना वोट बनवा सकते है,वोट बनवाने संबंधी कार्यो में राजनीतिक दलों का सहयोग जरूरी है। साथ अगर किसी व्यक्ति का वोट कारणवश कट गया है,तो निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने उपरांत वोट बनाया जाए।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की मंशा है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए अधिकारियों को नवीन दिशा-निर्देशों एवं तकनीकी प्रक्रियाओं का विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया है।
एसआईआर अभियान-2026 के अनुरूप कार्य करें अधिकारी
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। इसकी शुद्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी अधिकारी निर्वाचन आयोग की हिदायतों का पालन करते हुए जिला में मतदाता सूची के इस अभियान को सफल बनाएं।
निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर वोटर लिस्ट में नाम शामिल करवाएं मतदाता
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि यदि किसी पात्र मतदाता का नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हुआ है तो उसे घबराने की आवश्यकता नहीं है। ऐसे मतदाता 30 अगस्त 2026 तक संबंधित बीएलओ के माध्यम से फॉर्म-6 भरकर ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी मतदाता यह न समझे कि उसका वोट स्थायी रूप से कट गया है। पहले प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम जांचें और यदि नाम नहीं है तो निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर अपना नाम शामिल करवाएं।
उन्होंने कहा कि दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण के लिए समय निर्धारित किया गया है। यदि मतदाता को सुनवाई का नोटिस प्राप्त होता है तो वह निर्धारित तिथि पर संबंधित अधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर अपना पक्ष अवश्य रखें, ताकि आवेदन का समयबद्ध निस्तारण किया जा सके।
आगामी 30 अगस्त तक दर्ज होंगे दावे एवं आपत्तियां
जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद 30 अगस्त 2026 तक नाम जोड़ने, अन्य जरूरी संशोधन कराने व त्रुटियों के संबंध में दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। प्राप्त सभी दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 सितंबर 2026 तक किया जाएगा तथा 3 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे प्रारूप सूची में अपना नाम, पता एवं अन्य विवरण सावधानीपूर्वक जांच लें और किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर निर्धारित अवधि के भीतर दावा या आपत्ति अवश्य प्रस्तुत करें।
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर भाजपा से सतेंद्र कोडान, भगवत दयाल मिश्रा, विनोद बाढ़सा एवं जयकिशन छिल्लर, कांग्रेस पार्टी से संजय यादव, वीरेंद्र कौशिक एवं अर्पित, सीपीआई(एम) से सतबीर सिंह, इनेलो से अमित गुलिया, जेजेपी से कंवरभान सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के अलावा जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम झज्जर रवि मीणा, एसडीएम बहादुरगढ़ अभिनव सिवाच, एसडीएम बेरी रेणुका नांदल, एसडीएम बादली विशाल कुमार, निर्वाचन उप तहसीलदार कुलदीप, सभी ईआरओ, एईआरओ, अतिरिक्त एईआरओ सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।





