झज्जर, 26 जुलाई
डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया में त्रुटिरहित मतदाता सूची का अहम योगदान है। एक जुलाई 2026 को अहर्ता तिथि मानते हुए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा एसआईआर-2026 प्रक्रिया संचालित की जा रही है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 31 जुलाई 2026 को झज्जर जिला के सभी चारों बेरी,बहादुरगढ़, झज्जर और बादली विधानसभा क्षेत्रों की प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
1 अगस्त से 30 अगस्त तक दर्ज होंगे दावे एवं आपत्तियां
डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद 1 अगस्त से 30 अगस्त 2026 तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम हटाने, संशोधन कराने अथवा अन्य त्रुटियों के संबंध में दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी।
उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे प्रारूप सूची में अपना नाम, पता तथा अन्य विवरण सावधानीपूर्वक जांचें और किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर निर्धारित अवधि के भीतर अपना दावा या आपत्ति अवश्य प्रस्तुत करें। उन्होंने बताया कि प्राप्त सभी दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 सितंबर 2026 तक किया जाएगा तथा 3 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप होगी पूरी प्रक्रिया
डीसी ने एसआईआर-2026 प्रक्रिया के दूसरे चरण की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रत्येक गतिविधि को समयबद्ध, पारदर्शी और जिम्मेदारी के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण प्रक्रिया का प्रत्येक चरण पूरी सतर्कता और शुद्धता के साथ संपन्न होना चाहिए, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सही विवरण के साथ मतदाता सूची में शामिल हो सके।
लोकतंत्र की मजबूती में प्रत्येक सजग मतदाता की भागीदारी जरूरी
डीसी ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक सजग मतदाता की भागीदारी महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी पात्र नागरिक मतदाता सूची का सत्यापन करें और आवश्यकता होने पर निर्धारित अवधि में दावा एवं आपत्ति दर्ज कराकर इस अभियान को सफल बनाएं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं और मतदाता सूची में अपने नाम व विवरण का समय रहते सत्यापन अवश्य करें।
सोमवार को दिया जाएगा विशेष प्रशिक्षण
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला झज्जर में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को प्रभावी एवं पारदर्शी ढंग से संचालित करने के लिए 27 जुलाई को चुनाव अधिकारियों का विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। डीसी ने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 27 जुलाई को दोपहर 2 बजे से सायं 4 बजे तक लघु सचिवालय, झज्जर के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित होगा। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण में जिला के सभी निर्वाचक पंजीयन अधिकारी तथा सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी भाग लेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशिक्षण में सभी चिन्हित अधिकारियों की उपस्थिति बेहद अनिवार्य है।
–





