बरवाला, 25 जुलाई।
लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने शनिवार को बरवाला में क्षेत्रवासियों से आत्मीय भेंट कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र एवं प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास और स्नेह ही उन्हें निरंतर जनहित के कार्यों के लिए प्रेरित करता है। सरकार की प्राथमिकता है कि लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो तथा विकास कार्यों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हरियाणा सरकार प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र के संतुलित विकास और जनकल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। जनसंवाद के माध्यम से लोगों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका समाधान करना सरकार की कार्यशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने विभिन्न नागरिक सुविधाओं एवं विकास कार्यों से जुड़े मुद्दे कैबिनेट मंत्री के समक्ष रखे, जिनके समाधान के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, रणधीर धीरू, भाजपा कोषाध्यक्ष अशोक मित्तल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





