रोहतक, 24 जुलाई। मंडल रोजगार अधिकारी राजेश सांगवान ने कहा कि युवा केवल डिग्री प्राप्त करने तक ही सीमित न रहें, बल्कि अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप कौशल विकास पर विशेष ध्यान दें, ताकि उन्हें रोजगार प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। इसी के दृष्टिगत व्यावसायिक मार्गदर्शन सप्ताह के कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे है।
राजेश सांगवान ने शुक्रवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, किलोई तथा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, किलोई में आयोजित व्यावसायिक मार्गदर्शन सप्ताह के कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कही। कार्यक्रम रोजगार विभाग के विश्वविद्यालय रोजगार सूचना एवं मार्गदर्शन केन्द्र, महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक द्वारा आयोजित किए गए। विद्यार्थियों को 12वीं कक्षा के बाद उपलब्ध विभिन्न कौशल प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों, उच्च शिक्षा के अवसरों, इंटर्नशिप योजनाओं, कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (सीईटी) तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि एवं योग्यता के अनुरूप करियर का चयन करने की सलाह देते हुए कहा कि वर्तमान समय में रोजगार के क्षेत्र में कौशल का विशेष महत्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से उपलब्ध सरकारी योजनाओं एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया तथा उन्हें करियर निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या सुषमा सहित रेखा दलाल, पूनम, निर्मल, सुनील, राजेश कुमारी, शशिकांता, मनुदेव, मंजू, मोनिका, सरोज बाला, दीप्ति, आनंद एवं अन्य अध्यापक गण उपस्थित रहे।
रुचि के अनुरूप कौशल विकास पर ध्यान दें, तभी रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे :- राजेश सांगवान





