भिवानी, 21 जुलाई। डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी साहिल गुप्ता की अध्यक्षता में स्थानीय लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए हॉल में एसआईआर को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित हुई। उन्होंने कहा कि बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन का कार्य और मतदान केंद्रों का रेशनेलाइजेशन का कार्य 24 जुलाई तक पूरा किया जाएगा। उसके बाद दावे एवं आपत्तियां आमंत्रित की जाएंगी और उनका निपटारा किया जाएगा। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी स्थान निर्धारित करेंगे ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो। वहीं वीसी के माध्यम से हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए.श्रीनिवासन ने भी एसआईआर को लेकर विस्तार से समीक्षा की और जरूरी निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री गुप्ता ने बताया कि जिले में मतदाता सूची के डिजिटलीकरण का कार्य भी तेजी से जारी है। जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 8,84,173 मतदाताओं में से 7,95,866 मतदाताओं का डिजिटाइजेशन किया जा चुका है, जो कुल मतदाताओं का 90.01 प्रतिशत है। वहीं, 88,307 मामले (9.99 प्रतिशत) एएसडीडी यानि अनुपस्थित, स्थानांतररित, मृतक व डुपलीकेट श्रेणी में दर्ज किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि 54-लोहारू विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,05,039 मतदाताओं में से 1,95,062 (95.13 प्रतिशत) का डिजिटाइजेशन हुआ है, जबकि 9,977 (4.87 प्रतिशत) एएसडीडी मामले हैं। 57-भिवानी विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,36,285 मतदाताओं में से 1,95,904 (82.91 प्रतिशत) का डिजिटाइजेशन हुआ है और 40,381 (17.09 प्रतिशत) एएसडीडी मामले दर्ज हैं।
उन्होंने बताया कि इसी प्रकार 58-तोशाम विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,23,943 मतदाताओं में से 2,08,956 (93.31 प्रतिशत) का डिजिटाइजेशन किया जा चुका है तथा 14,987 (6.69 प्रतिशत) एएसडीडी मामले हैं। 59-बवानी खेड़ा (अनुसूचित जाति) विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,18,906 मतदाताओं में से 1,95,944 (89.51 प्रतिशत) का डिजिटाइजेशन हुआ है और 22,962 (10.49 प्रतिशत) एएसडीडी मामले दर्ज किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 31 जुलाई 2026 को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 31 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जोडऩे, संशोधन कराने अथवा आपत्तियां दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे। दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 सितंबर 2026 तक किया जाएगा तथा 3 अक्टूबर 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
डीसी ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे बीएलओ को घर-घर सत्यापन के दौरान पूरा सहयोग दें तथा प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद अपने नाम, पते एवं अन्य विवरण का अवश्य मिलान करें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि हो तो निर्धारित अवधि के भीतर दावा या आपत्ति प्रस्तुत करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री गुप्ता ने बीएलओ द्वारा एएसडीडी मामलों के सत्यापन तथा सुपरवाईजर द्वारा उनके प्रमाणीकरण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को एसआईआर प्रक्रिया के तहत सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने तथा मतदाता सूची की शुद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि जिले में कुल 88,307 एएसडीडी मामलों की पहचान की गई है, जिनका बीएलओ स्तर पर सत्यापन और सुपरवाईजर स्तर पर प्रमाणन किया जाना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर एडीसी दीपक बाबू लाल करवा, भिवानी के एसडीएम महेश कुमार और लोहारू के एसडीएम मनोज दलाल सहित निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत जिले में 90.01 प्रतिशत मतदाताओं का हुआ डिजिटाइजेशन





