हिसार, 20 जुलाई।
आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर सोमवार को लघु सचिवालय परिसर में उपायुक्त महेंद्र पाल ने समाधान शिविर में नागरिकों की शिकायतों की सुनवाई की। शिविर में आई अधिकांश शिकायतों का मौके पर निपटारा किया गया।
समाधान शिविर में सैनियान मोहल्ला निवासी नीलम द्वारा एक प्रॉपर्टी डीलर पर धोखाधड़ी का मामला एवं पैसे ऐंठने की शिकायत पर उपायुक्त महेंद्र पाल ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को मामले की जांच कर आगामी कार्यवाही करने को कहा। गांव पात्तन निवासी सूबे सिंह द्वारा गांव के तालाब व फिरनी की जमीन पर गांव के कुछ लोगों द्वारा किए गए अवैध कब्जे की शिकायत पर उपायुक्त ने जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी को मौका मुआयना कर विभागीय कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार गांव सीसवाल निवासी लक्ष्मी ने ग्राम पंचायत के कार्यों में भ्रष्टाचार की शिकायत तथा ग्राम पंचायत मोडाखेड़ा के एक प्रार्थी द्वारा सरपंच पर विकास कार्यों में धांधली और पंचायती जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत पर उपायुक्त ने जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी को मामले की जांच करने के निर्देश दिए। गांव खरक पुनिया निवासी एक प्रार्थी द्वारा कीटनाशक दवाइयों में मिलावट व नकली प्रोडक्ट बेचने की शिकायत पर उपायुक्त महेंद्र पाल ने कृषि विभाग के अधिकारियों को मामले की जांच कर संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्यवाही करने की हिदायत दी।
समाधान शिविर शिविर में अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल, नगराधीश रोहित कुमार, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र कुमार, एएसपी सुनील कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
समाधान शिविर में प्रशासनिक अधिकारियों ने सुनी आमजन की शिकायतें





