महम (रोहतक), 18 जुलाई। जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय तेवतिया ने शुक्रवार को न्यायिक परिसर, महम का दौरा किया। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव डॉ. तरन्नुम खान तथा उपमंडलीय न्यायिक दंडाधिकारी (एसडीजेएम) महम अमित श्योराण भी उपस्थित रहे।
दौरे के दौरान हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा चलाए जा रहे पौधारोपण अभियान के अंतर्गत जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय तेवतिया ने न्यायिक परिसर में पौधारोपण किया। उन्होंने महम न्यायालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं तथा आमजन से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। अजय तेवतिया ने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण के लिए पौधारोपण अत्यंत आवश्यक है तथा प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय तेवतिया ने सर्वोच्च न्यायालय के मार्गदर्शन में संचालित समाधान समारोह (लोक अदालत) का उल्लेख करते हुए कहा कि चिन्हित मामलों का अधिक से अधिक संख्या में मध्यस्थता एवं आपसी सहमति के माध्यम से निपटारा किया जाए। उन्होंने कहा कि लोक अदालत एवं वैकल्पिक विवाद निस्तारण प्रणाली के माध्यम से समय, धन एवं श्रम की बचत होती है तथा पक्षकारों को त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण न्याय प्राप्त होता है।
अजय तेवतिया ने आमजन का आह्वान किया है कि यदि किसी व्यक्ति को किसी भी प्रकार की निशुल्क विधिक सहायता की आवश्यकता हो तो वह उपमंडलीय विधिक सेवा समिति, महम के फ्रंट ऑफिस में संपर्क कर सकता है। इसके अतिरिक्त हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की टोल फ्री हेल्पलाइन 15100 पर कॉल करके भी नि:शुल्क कानूनी सहायता एवं आवश्यक परामर्श प्राप्त किया जा सकता है। न्यायिक परिसर में पर्यावरण संरक्षण, विधिक जागरूकता तथा आमजन तक निशुल्क विधिक सेवाएं पहुंचाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा की गई।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय तेवतिया ने महम न्यायिक परिसर का किया दौरा





