-झज्जर, 17 जुलाई।
डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने झज्जर जिला के ऐसे सभी मतदाताओं से आह्वान किया कि जिन्होंने अभी तक अपना गणना प्रपत्र भरकर जमा नहीं कराया है,ऐसे मतदाता 24 जुलाई इंतजार ना करते हुए आज ही अपना हस्ताक्षरयुक्त गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बीएलओ को अवश्य जमा करें। उन्होंने कहा कि जो मतदाता स्वयं ऑनलाइन एन्यूमरेशन फॉर्म भरने में सक्षम हैं, वे ऑनलाइन प्रक्रिया का विकल्प अपनाकर तत्काल अपना गणना प्रपत्र भरें। समय पर गणना प्रपत्र जमा होने से मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने का कार्य निर्धारित समय में पूरा किया जा सकेगा।
आयोग की ओर से गणना प्रपत्र भरने के लिए ऑफ़लाइन के साथ साथ ऑनलाइन की सुविधा
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि मतदाता स्वयं भी https://voters.eci.gov.in पर जाकर ऑनलाइन गणना प्रपत्र भर सकते हैं। ऑनलाइन माध्यम अपनाने से समय की बचत होगी, प्रक्रिया अधिक सरल होगी तथा ऑनलाइन एन्यूमरेशन के माध्यम से गणना प्रपत्र का तत्काल डिजिटाइजेशन भी संभव होगा। उन्होंने झज्जर जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों के मतदाताओं से ऑनलाइन सुविधा अपनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि शत-प्रतिशत गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन के लिए सभी निर्वाचक पंजीयन अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं तथा बूथ स्तर पर बीएलओ से नियमित फीडबैक भी ले रहे हैं।
*बीएलओ को सख्त निर्देश, गणना प्रपत्रों का सत्यापन कर शीघ्र करें डिजिटाइजेशन : डीसी
डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को सख्त निर्देश दिए कि वोटरों से प्राप्त सभी गणना प्रपत्रों का प्राथमिकता के आधार पर सत्यापन (वेरिफिकेशन) करते हुए उनका शीघ्र डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर गणना प्रपत्र लंबित नहीं रहने चाहिए तथा आयोग द्वारा निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूर्ण किया जाए। उन्होंने सभी निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों (ईआरओ) को भी अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में इस कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा बीएलओ से सतत फीडबैक लेकर प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए।
अपडेट मतदाता सूची स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं सजग लोकतंत्र की पहचान
डीसी ने कहा कि त्रुटिरहित एवं अद्यतन मतदाता सूची स्वतंत्र, निष्पक्ष और सजग लोकतंत्र की असली पहचान है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाए तथा अपने परिवार और आसपास के अन्य पात्र मतदाताओं को भी गणना प्रपत्र भरने और ऑनलाइन सुविधा का उपयोग करने के लिए प्रेरित करे।
31 जुलाई को प्रारूप मतदाता सूची होगी प्रकाशित
डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने बताया कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 31 जुलाई 2026 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 31 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, जबकि उनका निस्तारण 28 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। सभी निर्धारित प्रक्रियाएं पूर्ण होने के उपरांत 3 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
डीसी वर्षा खांगवाल का आह्वान -अपडेट मतदाता सूची तैयार करने में सभी नागरिक निभाएं अपनी जिम्मेदारी





