भिवानी, 16 जुलाई। डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में वीरवार को लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में समाधान शिविर आयोजित हुआ। समाधान शिविर में डीडीपीओ सोमबीर कादयान ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और पेयजल सप्लाई लाइन में लीकेज की शिकायत पर त्वरित समाधान के निर्देश दिए। डीडीपीओ ने कहा कि संबंधित अधिकारी सुनिश्चित करें कि गर्मी के मौसम में आमजन को पेयजल समस्या का सामना न करना पड़े।
समाधान शिविर में शिकायतकर्ता कपूर सिंह ने ड्राइविंग लाइसेंस संबंधी फाइल गुम होने की शिकायत रखी। इस पर डीडीपीओ ने निर्देश देते हुए कहा कि यदि कोई दस्तावेज गुम हुआ है, तो उसकी शिकायत हरियाणा पुलिस की वेबसाइट हरियाणापुलिस.जीओवी.इन पर ऑनलाइन घर बैठे ही दर्ज करवा सकते हैं। डीडीपीओ के समक्ष पूर्व पार्षद ईश्वर मान ने गांवों और शहरों में स्मार्ट मीटरों के टूटे शीशे बदलवाने, शहर में सीवर लाइन का लेवल ठीक करवाने तथा हलवासिया स्कूल के साथ फुटपाथ का निर्माण करवाने, गैर-सरकारी सदस्य सुनील वर्मा नंबरदार ने पुराना बस स्टैंड क्षेत्र के कुम्हारों के मोहल्ले में स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित कराने तथा जिला नागरिक अस्पताल भिवानी की स्वास्थ्य कल्याण समिति को भंग कर योग्यता के आधार पर नई समिति गठित करने की मांग रखी। गांव ढ़ाणा नरसाण निवासी जितेंद्र ने घरेलू बिजली कनेक्शन दिलाने, राजीव कॉलोनी निवासी प्रधान करण सिंह ने भगत सिंह चौक से नेताजी सुभाष चंद्र बोस चौक तक सडक़ की मरम्मत, चौक के सौंदर्यीकरण तथा गुजरानी रोड़ की मरम्मत कराने, विद्यानगर निवासी गुरमील ने जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए जुर्माने को माफ करने तथा समय पर पानी का बिल उपलब्ध कराने, गांव बड़ेसरा निवासी राजकुमार ने परिवार पहचान पत्र में आय कम कराने, गांव मुंढ़ाल निवासी सुरेश कुमार ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग में सेवादार का बकाया वेतन दिलाने, डिफेंस कॉलोनी निवासी अनीता ने हर घर गृहिणी योजना का लाभ दिलाने तथा गांव सिरसा घेाघड़ा निवासी विनोद कुमार ने सोलर प्लेट चोरी होने के बाद बीमा कंपनी से दोबारा सोलर प्लेट लगवाने, गौशाला मार्केट क्षेत्र के राहुल ने स्वच्छ पेयजल आपूर्ति कराने की समस्या रखीं।
इसी प्रकार डीडीपीओ श्री कादयान के समक्ष पार्षद अनिल ने गली नंबर-4 में पानी की लीकेज ठीक कराने, बिजली ट्रांसफार्मर पर केबल लाइन डलवाने, पानी के टैंकर पर अतिरिक्त टोंटी लगवाने तथा बिना जीएसटी रजिस्ट्रेशन के जारी बिलों की जांच कराने, मोहन ने 134-ए के तहत प्रवेश मिलने के बावजूद सरस्वती शिक्षा निकेतन स्कूल द्वारा परेशान किए जाने की शिकायत दी। पार्षद विनोद ने बरसाती नाले की सफाई करवाने, हनुमान गेट से दादरी गेट तक टूटे हुए नाले को दोबारा कवर करवाने तथा क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति दुरूस्त करवाने की शिकायत रखी। डीडीपीओ सोमबीर कादयान ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के अलावा गैर-सरकारी सदस्य रामकिशन हलवासिया, अजीत शेखावत, केके ग्रोवर आदि उपस्थित रहे।
**************ञ ********ञ
पेयजल सप्लाई लीकेज तुरंत दुरुस्त करवाएं संबंधित अधिकारी: डीडीपीओ सोमबीर कादयान





