सिरसा, 15 जुलाई।
अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी सरकारी संस्थानों में स्वच्छता, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सुविधाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप उपलब्ध होनी चाहिए। अतिरिक्त उपायुक्त ने जिले के गांव बालासर का दौरा कर विभिन्न सरकारी संस्थानों एवं विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा विकास कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
एडीसी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। मनरेगा सहित अन्य विकास योजनाओं के कार्य निर्धारित समय में पूर्ण किए जाएं, ताकि ग्रामीणों को उनका पूरा लाभ मिल सके। निरीक्षण के दौरान एडीसी ने आंगनवाड़ी केंद्र, सब हेल्थ सेंटर, गौशाला, महिला सांस्कृतिक केंद्र, पुस्तकालय का दौरा किया तथा सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही स्वच्छता एवं संरक्षण पर विशेष ध्यान देने के लिए अधिकारियों को कहा। उन्होंने मनरेगा कार्य का भी निरीक्षण किया और श्रमिकों से बातचीत कर कार्य की प्रगति एवं सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। दौरे के दौरान उन्होंने गांव में प्रस्तावित कचरा शेड के निर्माण के लिए चयनित स्थल का निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एडीसी ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में मिड-डे मील की गुणवत्ता, विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं तथा विद्यालय की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। वहीं राजकीय प्राथमिक विद्यालय का भी दौरा कर आधारभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्कूल परिसर में मौजूद कंडम भवन की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही मिड-डे मील व्यवस्था की भी समीक्षा की।
इस अवसर पर सरपंच धर्मपाल, वरिष्ठ भाजपा नेता रणमाल, पंचायत सचिव अशोक कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता: एडीसी अर्पित संगल





