*झज्जर, 13 जुलाई।*
एक दिन पूर्व जेएलएन नहर में युवक के डूबने की आशंका के मद्देजनर युवक की तलाश के लिए जिला प्रशासन द्वारा सर्च ऑपरेशन लगातार चलाया जा रहा है। युवक की खोज के लिए एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया है।
डीसी वर्षा खांगवाल ने सोमवार को मातनहेल क्षेत्र जेएलएन नहर स्थित घटना स्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
*जेएलएन के पानी को अन्य नहरों व माइनर में किया जा रहा डायवर्ट*
डीसी वर्षा खांगवाल ने पीड़ित परिवार से बातचीत करते हुए उन्हें कहा कि प्रशासन आपदा की इस स्थिति में पीड़ित परिवार के साथ है और यथासंभव प्रयास लापता युवक की तलाश में किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि लापता युवक की तलाश में तेजी लाने के उद्देश्य से नहर में पानी का जल स्तर कम करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए जेएलएन के पानी को अन्य नहरों व माइनरों में डायवर्ट किया जा रहा है, ताकि सर्च अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके।
*युवक की तलाश में गोताखोरों की मदद से नहर में लगातार सर्च ऑपरेशन जारी*
डीसी ने बताया कि गोताखोरों की सहायता से नहर में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है और जिला प्रशासन की ओर से युवक का जल्द से जल्द पता लगाने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। जहां कहीं भी पुल है वहां बहाव के मद्देनजर जाल भी लगाया गया है।
इस दौरान डीसी वर्षा खांगवाल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें प्रभावी रूप से जरुरी सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है और गोताखोरों की मदद से लापता युवक का जल्द पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। डीसी ने स्वयं जेएलएन बाकरा हेड सहित अन्य स्थानों का दौरा करते हुए जल बहाव की स्थिति देखी और मौके पर ही सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।एसडीएम झज्जर रवि मीणा घटना के बाद से दिन रात सजगता पूर्ण ढंग से हर पहलू पर नजर रखे हैं और तलाश अभियान में लगी टीम को जरूरतानुसार मुख्यालय व विभागीय स्तर पर प्रशासनिक सहयोग दे रहे हैं।
इस अवसर पर एसडीएम झज्जर रवि मीणा तथा सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता सतीश कुमार जनावा सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।





