रोहतक, 7 जुलाई। रोहतक विधानसभा के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं उपमंडल अधिकारी (ना.) आशीष कुमार ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे मतदाताओं की गणना प्रपत्र भरने में सहायता करें तथा अंतिम तिथि 14 जुलाई 2026 से पहले सभी मतदाताओं के गणना प्रपत्र भरवाना सुनिश्चित करें।
एसडीएम आशीष कुमार स्थानीय लघु सचिवालय स्थित कार्यालय में आयोजित बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान बारे आवश्यक हिदायतें दे रहे थे। उन्होंने जनता से भी अपील की है कि वे अपने गणना प्रपत्र भरवाकर 14 जुलाई से पहले बीएलओ अर्थात बूथ स्तर अधिकारी को जमा करवाये। उन्होंने कहा कि बीएलए-1 व 2 से सांझा की गई एएसडीडी सूची की भी गहनता से जांच कर ले ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से न हटे।
आशीष कुमार ने कहा कि लोकतंत्र में मतदान प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। इस अधिकार को सुरक्षित एवं प्रभावी बनाए रखने के लिए प्रत्येक पात्र मतदाता का मतदाता सूची में सही विवरण दर्ज होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है। उन्होंने कहा कि नागरिकों का सक्रिय सहयोग इस अभियान की सफलता की कुंजी है। सभी मतदाताओं से आग्रह है कि वे बीएलओ द्वारा उपलब्ध कराए गए एसआईआर प्रपत्रों को बिना विलंब भरकर वापस करें, ताकि पात्र मतदाताओं के नाम सही रूप में मतदाता सूची में शामिल किए जा सकें तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि या असुविधा से बचा जा सके।
बैठक में एसडीएम ने बीएलओ को निर्देश दिए कि वे घर-घर जाकर मतदाताओं को एसआईआर अभियान के उद्देश्य एवं महत्व की जानकारी दें तथा निर्धारित समयावधि में अधिकतम प्रपत्र एकत्रित करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान के अधिकार से जोड़ना और निष्पक्ष, पारदर्शी एवं विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार करना है।
बीएलओ द्वारा वितरित एसआईआर फॉर्म समय पर लौटाएं :- एसडीएम आशीष कुमार





