सही और अद्यतन मतदाता सूची के लिए नागरिक करें बीएलओ का सहयोग : जिला निर्वाचन अधिकारी

By Sahab Ram
On: June 27, 2026 6:32 PM
Follow Us:

फरीदाबाद, 27 जून।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 अभियान पूरी गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो। यह अभियान निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक निष्पक्ष, विश्वसनीय एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत जिले के सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध करा रहे हैं तथा भरे हुए प्रपत्र प्राप्त कर उनका सत्यापन कर रहे हैं। बीएलओ मतदाताओं की उपलब्ध जानकारी का मिलान करेंगे, आवश्यक संशोधन करेंगे तथा फोटो, मोबाइल नंबर एवं अन्य आवश्यक विवरण भी अद्यतन करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता बीएलओ को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपना सहयोग सुनिश्चित करें।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई नागरिक पहले से मतदाता सूची में पंजीकृत है, तब भी उसे गणना प्रपत्र भरकर एसआईआर प्रक्रिया में भाग लेना आवश्यक है। सभी पंजीकृत मतदाता अपना आवश्यक दस्तावेज तैयार रखें, गणना प्रपत्र सावधानीपूर्वक भरें तथा समय पर बीएलओ को उपलब्ध कराएं। मतदाता अंतिम प्रकाशित सूची में अपना नाम अवश्य जांचें तथा यदि किसी प्रकार की त्रुटि हो तो निर्धारित अवधि में दावा एवं आपत्ति प्रस्तुत करें।

शनिवार को फरेण कलां को मिली विकास की नई सौगात– एक करोड़ 43 लाख रुपये के विकास कार्यो का सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने किया शिलान्यास व उद्घाटन

उपायुक्त आयुष ने बताया कि आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 15 जून 2026 से 14 जुलाई 2026 तक घर-घर जाकर गणना प्रपत्र भरवाने एवं एकत्रित करने का कार्य किया जा रहा है। इसके उपरांत 14 जुलाई 2026 को मतदान केंद्रों का युक्तिकरण (Rationalization) किया जाएगा। 21 जुलाई 2026 को प्रारंभिक मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। इसके बाद 21 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी तथा 21 जुलाई से 18 सितंबर 2026 तक उनका निस्तारण किया जाएगा। इसके उपरांत 22 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

उपायुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि यदि किसी मतदाता का नाम पूर्व की मतदाता सूची में दर्ज नहीं है अथवा वर्ष 2002 की मतदाता सूची में उसका उल्लेख उपलब्ध नहीं है, तो घबराने की आवश्यकता नहीं है। संबंधित व्यक्ति अपना गणना प्रपत्र जमा करें। निर्वाचन अधिकारी आवश्यक जांच एवं सत्यापन के बाद पात्र पाए जाने पर उसका नाम मतदाता सूची में शामिल करेंगे। वहीं, कोई भी व्यक्ति एक से अधिक स्थानों पर मतदाता के रूप में पंजीकरण नहीं करा सकता। ऐसा करना निर्वाचन कानून के तहत दंडनीय अपराध है।

उपायुक्त आयुष ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि बीएलओ जब घर पर आएं तो उन्हें पूरा सहयोग दें तथा सही एवं प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराएं। यदि बीएलओ के आने के समय कोई मतदाता घर पर उपलब्ध नहीं हो, तो वह अपना मोबाइल नंबर अथवा संपर्क विवरण उपलब्ध कराए ताकि आवश्यक होने पर उससे संपर्क किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि गणना प्रपत्र जमा करने के बाद मतदाता बीएलओ से हस्ताक्षरित एवं मोहर युक्त प्राप्ति रसीद अवश्य प्राप्त करें।

राम मंदिर का विरोध करने वालों को न कोर्ट बख्शेगा, न भगवान राम: सनातन विरोधियों को अनिल विज की दो-टूक

उन्होंने बताया कि यदि किसी मतदाता को किसी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता की आवश्यकता हो तो वह निर्वाचन हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकता है। इसके अतिरिक्त मतदाता Voters Service Portal (voters.eci.gov.in) अथवा ECINet ऐप के माध्यम से भी आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से आह्वान किया कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं, समय पर अपना गणना प्रपत्र भरें, आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी इस अभियान से जोड़ें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, सटीक एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची ही सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला है और प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही इस उद्देश्य को सफल बनाया जा सकता है।

सफल उद्यमी बनने में उम्र कोई बाधा नहीं :- उपायुक्त सचिन गुप्ता

Sahab Ram

हरियाणा मीडिया में पिछले 14 सालों से सक्रिय। Yuva Haryana, Khabar Fast, STV Haryana News, खबरें अभी तक, A1 Tehelka में अपनी सेवाएं दी। चौपाल टीवी डिजिटल मीडिया के संस्थापक ।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment